आगरा में अंगदान को जनआंदोलन बनाने की पहल, 600 से अधिक लोगों ने लिया संकल्प

आगरा के सूरसदन में आईएमए आगरा ने विश्व अंगदान दिवस पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 600 से अधिक विद्यार्थियों, नागरिकों, चिकित्सकों, धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अंगदान और नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ लोगों को मृत्यु के बाद अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने एक मंच से मानवता के लिए अंगदान का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर 600 से अधिक लोगों ने अंगदान जागरूकता की शपथ ली। साथ ही नीलम नागायच, पूरण डावर और आशा भदौरिया की ओर से देहदान की इच्छा जताए जाने की घोषणाओं ने अभियान को नई प्रेरणा दी।

Aug 13, 2026 - 20:24
 0
आगरा में अंगदान को जनआंदोलन बनाने की पहल, 600 से अधिक लोगों ने लिया संकल्प
अंगदान को जागरूक करने के लिए आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व आईएमए के पदाधिकारी।

आईएमए आगरा के जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों से लेकर धर्मगुरुओं तक ने दिया मानवता का संदेश, अंगदान के साथ देहदान की घोषणाओं ने छुआ दिल

आगरा। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा की ओर से सूरसदन में अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 600 से अधिक विद्यार्थियों, नागरिकों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने अंगदान के प्रति जागरूक रहने और समाज में इसके लिए जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अंगदान केवल चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि मानवता, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महान कार्य है। मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद देना मानव जीवन की सबसे बड़ी सार्थकताओं में से एक हो सकता है।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल, डॉ. पंकज नागायच और डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, इसकी प्रक्रिया समझाने और लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।

‘अंगदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम’

आईएससीसीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर त्यागी ने कहा कि अंगदान चिकित्सा विज्ञान से कहीं आगे बढ़कर मानवता की सेवा का माध्यम है। एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना केवल चिकित्सकों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागायच ने कहा कि आईएमए आगरा का लक्ष्य अंगदान को महज एक कार्यक्रम या अभियान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि लोग मानवता के इस महान कार्य से जुड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्वर्गीय प्रो. डॉ. एन.एन. अग्रवाल और वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय गोविंद अग्रवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने अपना जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण छोड़ा।

‘मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में बनें उम्मीद’

आईएमए आगरा के सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी व्यक्ति के जीवन में आशा बनना मानव जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता हो सकती है। उन्होंने कहा कि अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है। आईएमए आगरा भविष्य में भी अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

नेत्रदान को लेकर भी किया जागरूक

कार्यक्रम में डॉ. शैफाली मजूमदार ने नेत्रदान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेत्रदान के माध्यम से किसी दृष्टिबाधित व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का अवसर मिल सकता है। उपस्थित लोगों ने नेत्रदान से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका जवाब देकर उनकी भ्रांतियों को दूर किया गया।

विधायक और चिकित्सा जगत की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, आईएमए आगरा के पूर्व अध्यक्षों तथा आईएमए आगरा की पूरी कैबिनेट की उपस्थिति रही। इस अवसर पर अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. हरेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज, संयुक्त सचिव डॉ. करण रावत एवं डॉ. मिहिर गुप्ता सहित डॉ. मुनीश्वर, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. वीरेंद्र खंडेलवाल, डॉ. वाई.बी. अग्रवाल, डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. संजय गोयल सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और पदाधिकारी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री डॉ. बेबी रानी मौर्य तथा एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के वीडियो संदेश भी कार्यक्रम में प्रसारित किए गए। उन्होंने अंगदान की आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए आईएमए आगरा के जनजागरूकता अभियान की सराहना की।

600 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से 600 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें G.D. Goenka, गायत्री देवी, गणेश राम नागर सरस्वती विद्या मंदिर, बेसिक स्कूल सैंया, रवि स्कूल ऑफ नर्सिंग तथा स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थी प्रमुख रूप से शामिल रहे। विद्यार्थियों को अंगदान की आवश्यकता, प्रक्रिया, इससे जुड़े सामाजिक पहलुओं और भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि अंगदान का निर्णय किसी जरूरतमंद व्यक्ति और उसके परिवार के लिए जीवन की नई शुरुआत का कारण बन सकता है।

एक मंच पर आए अलग-अलग धर्मों के धर्मगुरु

कार्यक्रम की सबसे खास बात रही कि विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु एक मंच पर आए और उन्होंने अंगदान को मानवता की सेवा का उत्कृष्ट माध्यम बताया। महंत योगेश गिरी, मनकामेश्वर मंदिर; मौलाना उजैर आलम तथा फादर वर्गीज ने लोगों से अंगदान जैसे नेक कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया। धर्मगुरुओं ने कहा कि मानव सेवा और परोपकार की भावना सभी धर्मों की मूल भावना से जुड़ी है और अंगदान इसका एक सशक्त उदाहरण है।

सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भी बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इनमें डॉ. दिग्जेंद्र, भारत विकास परिषद के प्रतिनिधि, रोटरी के पीडीजी रोटेरियन शरद चंद्र, हेल्प आगरा के गौतम सेठ, नेशनल चेम्बर के अंबाजी, स्काउट एंड गाइड एसोसिएशन यूपी के डॉ. राजेश मिश्रा, गुंजन शर्मा, कर्नल जी.एम. खान, आदर्श नंदन गुप्त, वत्सला प्रभाकर, निर्मला दीक्षित और रेणुका डंग सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल रहे। संजय गुप्ता, समर्पण ब्लड बैंक की टीम, योगेश कंसल, डॉ. विनोद माहेश्वरी और अरुण सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय मौजूदगी रही।

पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया अंगदान से जुड़ने का आह्वान

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सभा को संबोधित करते हुए अंगदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस पुनीत अभियान से जुड़ना चाहिए और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी अंगदान के प्रति जागरूक करना चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल तथा उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। दोनों ने अंगदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए IMA Agra के प्रयासों की सराहना की।

अंगदान के साथ देहदान की घोषणाओं ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान अंगदान के साथ-साथ देहदान के लिए सामने आई घोषणाओं ने भी लोगों को भावुक कर दिया। डॉ. पंकज नागायच ने बताया कि योग इंस्ट्रक्टर श्रीमती नीलम नागायच और वरिष्ठ समाजसेवी श्री पूरण डावर ने कार्यक्रम से एक दिन पहले फोन कर मृत्यु के बाद अपनी पूरी देहदान करने की इच्छा व्यक्त की। दोनों ने आईएमए से देहदान के लिए आवश्यक शपथ-पत्र की प्रक्रिया उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इसी क्रम में पूर्व एयर चीफ मार्शल की पत्नी श्रीमती आशा भदौरिया ने बेंगलुरु से फोन कर IMA को जानकारी दी कि वह आगरा से अपना देहदान करने का संकल्प लेना चाहती हैं। इन घोषणाओं को कार्यक्रम में मानवता, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायी मिसाल के रूप में देखा गया।

600 से अधिक लोगों ने ली अंगदान जागरूकता की शपथ

कार्यक्रम का समापन भावपूर्ण माहौल में हुआ। 600 से अधिक लोगों ने अंगदान जागरूकता और इस मानवीय अभियान में सहभागिता की शपथ ली। लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं अंगदान के प्रति जागरूक रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी अंगदान के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संदेश दिया कि अंगदान केवल किसी व्यक्ति के अंग किसी दूसरे जरूरतमंद को देने का संकल्प नहीं है, बल्कि यह मृत्यु के बाद भी कई जिंदगियों में उम्मीद, रोशनी और मुस्कान कायम रखने का संकल्प है।

आईएमए आगरा ने कार्यक्रम में शामिल चिकित्सकों, विद्यार्थियों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और आमजन का आभार व्यक्त किया। संस्था ने स्पष्ट किया कि आगरा में अंगदान को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।