आगरा शहर में एसआईआर के दौरान गड़बड़ियां हुई हैं, सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की चेतावनी- निष्पक्ष जांच न हुई तो जनआंदोलन

आगरा। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोटों के कथित फेरबदल को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार शिकायतें और प्रमाण एकत्र कर रही है। पार्टी के पास ऐसे दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने तथा कुछ मामलों में एक ही मतदाता का नाम कई बार दर्ज होने के प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

Jun 22, 2026 - 20:24
 0
आगरा शहर में एसआईआर के दौरान गड़बड़ियां हुई हैं, सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की चेतावनी- निष्पक्ष जांच न हुई तो जनआंदोलन
एसआईआर के दौरान हुई कथित गड़बड़ियों की जानकारी देते सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास।

शब्बीर अब्बास ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर तथा आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में असामान्य वृद्धि और मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने नाम मतदाता सूची से गायब होने, गलत स्थान पर स्थानांतरित होने तथा नए नाम संदिग्ध तरीके से जोड़े जाने की शिकायतें समाजवादी पार्टी को दी हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक व्यक्ति, एक वोट का सिद्धांत सर्वोपरि है। यदि किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज है अथवा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। समाजवादी पार्टी पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे समय में यदि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न लगते हैं तो यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता सीधे जनता के संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित करती है।

श्री अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। यदि प्रशासन और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी प्रस्तुत किए गए तथ्यों एवं प्रमाणों का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच नहीं कराते हैं तो समाजवादी पार्टी महानगर आगरा धरना, प्रदर्शन, जनजागरण अभियान और विशाल विरोध कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पवित्रता, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।

सपा महानगर अध्यक्ष ने पत्रकारों के समक्ष एसआईआर के दौरान हुई कथित वोटों की धांधली से संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत किए तथा आगरा दक्षिण, आगरा उत्तर और आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्रों में कथित गलत वोटों के उदाहरण रखे गए।

महानगर महासचिव पुष्पेंद्र शर्मा, समीर अब्बास, जिया चौधरी, हर्षवर्धन धाकड़, जमील सिद्दीकी, सतीश चाहर, राहुल शाक्य, आकाश शर्मा, श्रवण सोनकर, रूबी जादौन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी इस मौके पर उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor