खेल को अलविदा कहेंगे जान सीना, प्रियंका चोपड़ा के साथ आ रही है उनकी फिल्म

वाशिंगटन। डब्ल्यूडब्ल्यूई की रिंग में अपने ताकतवर मूव्स और दमदार शख्सियत से करोड़ों फैंस का दिल जीतने वाले जॉन सीना ने अब जिंदगी के रिंग में एक और बड़ा फैसला लिया है। सीना ने साफ कर दिया है कि अब जीवन में उनकी प्राथमिकता उनकी पत्नी है, ना कि रेसलिंग या हॉलीवुड का करियर। अपने फैंस को चौंकाते हुए उन्होंने कहा है कि 2025 उनका डब्ल्यूडब्ल्यूई में बतौर रेसलर आखिरी साल होगा।  

Jun 27, 2025 - 07:48
 0
खेल को अलविदा कहेंगे जान सीना, प्रियंका चोपड़ा के साथ आ रही है उनकी फिल्म

एक इंटरव्यू के दौरान जॉन सीना ने कहा कि उनकी जिंदगी में सबसे महात्वपूर्ण उनकी पत्नी शाय शरियात्जादेह हैं। सीना ने कहा, “मेरी लाइफ में सबसे महात्वपूर्ण मेरी पत्नी है। वही मेरी प्राथमिकता है। उसके बाद मेरा स्वास्थ्य मेरे लिए महात्वपूर्ण है, ताकि मैं उसके लिए एक अच्छा जीवनसाथी बन सकूं।”

जॉन सीना ने ये बयान ऐसे समय में दिया जब वो अपने डब्ल्यूडब्ल्यूई करियर को अलविदा कहने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वो डब्ल्यूडब्ल्यूई को कभी पूरी तरह नहीं छोड़ेंगे और जब तक डब्ल्यूडब्ल्यूई चाहेगा वो इस खेल से किसी न किसी तरह से जरूर जुड़े रहेंगे।
 
जान सीना ने कहा, “यह डब्ल्यूडब्ल्यूई में बतौर रेसलर मेरा आखिरी साल है क्योकिं इसके बाद मैं रेसलिंग को अलविदा कह दूंगा। अब हम आधे रास्ते पर आ चुके हैं और मैं अपने इन-रिंग के करियर को सम्मान के साथ खत्म करना चाहता हूं। मैं हमेशा डब्ल्यूडब्ल्यूई का हिस्सा रहूंगा.एक एम्बैसडर की तरह, एक परिवार की तरह।”

डब्ल्यूडब्ल्यूई की दुनिया में 20 साल से ज्यादा समय तक राज करने वाले जॉन सीना के लिए यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन अब वह अपने निजी जीवन को प्राथमिकता देना चाहते हैं।

रिंग से बाहर जॉन सीना का करियर भी किसी सुपरस्टार से कम नहीं रहा। उनकी अगली फिल्म ‘हेड्स आफ स्टेट’ 2 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही है। इस एक्शन-कॉमेडी फिल्म में सीना प्रियंका चोपड़ा जोनस और इदरीस एल्बा जैसे कलाकारों के साथ नजर आएंगे। इल्या नैशुलर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पैडी कंसिडाइन, स्टीफन रूट, कार्ला गुगिनो, जैक क्वैड और सारा नाइल्स जैसे दिग्गज कलाकार भी दिखेंगे।