251 महिलाओं की कलश यात्रा से भक्तिमय हुआ कमला नगर, श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

आगरा। कमला नगर में शुक्रवार को 251 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। जनक पार्क से अग्रवाल सेवा सदन तक निकली कलश यात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कारों का संगम दिखाई दिया। गुलाबी परिधानों में सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की कतार, राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप, धार्मिक झांकियां, बैंड-बाजे और भजनों ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

Aug 14, 2026 - 19:25
 0
251 महिलाओं की कलश यात्रा से भक्तिमय हुआ कमला नगर, श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
कमला नगर स्थित जनक पार्क से अग्रवाल सेवा सदन तक श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में शामिल महिलाएं।

कलश यात्रा के दौरान धार्मिक जयघोष और भजनों से वातावरण गूंजता रहा। यात्रा के माध्यम से सनातन संस्कृति में धर्म की व्यापक भूमिका का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि धर्म केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में संस्कार, सेवा, सद्भाव और सत्य को अपनाने की प्रेरणा देता है।

अग्रवाल सेवा सदन पहुंचने के बाद विधिवत पूजन-अर्चन के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास परमहंस स्वामी गिरीशानंद सरस्वती ने गणेश पूजन, कथा महात्म्य और नारद चरित्र का आध्यात्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल कथा नहीं, बल्कि मनुष्य को आत्मचिंतन और परमात्मा से जुड़ने का मार्ग दिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। भागवत श्रवण से मन में सकारात्मकता, श्रद्धा और वैराग्य का भाव जागृत होता है। जब मनुष्य सांसारिक मोह से ऊपर उठकर भगवान की भक्ति में स्वयं को समर्पित करता है, तब जीवन में वास्तविक शांति का प्रवेश होता है।

उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण और कथा श्रवण सबसे सरल साधना है। जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मनुष्य को अपनी आस्था और धर्म के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए। नारद चरित्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि ईश्वर की भक्ति के लिए उम्र, परिस्थिति या साधन बाधा नहीं होते। सच्ची श्रद्धा और पूर्ण समर्पण ही भगवान तक पहुंचने का माध्यम है।

मनोज अग्रवाल ने बताया कि 20 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में श्रीमद्भागवत कथा होगी। 21 अगस्त को प्रातः पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ कथा का विश्राम होगा।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान पंकज अग्रवाल एवं आरती अग्रवाल रहे। इस अवसर पर हर्ष अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल, पलक अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, चिराग अग्रवाल, सोनम अग्रवाल, हिमांशु मित्तल, रुचि मित्तल, विपुल बंसल, तन्वी बंसल, शुभम अग्रवाल, दीक्षा अग्रवाल, यश बंसल, मुस्कान बंसल, विनोद जैन, रामकिशन अग्रवाल, सारिका अग्रवाल और लता बंसल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रजत पांडे ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor