रंगों में सजे कान्हा: आगरा के पांच स्कूलों के 57 छात्र-छात्राओं ने दिखाई चित्रकला की प्रतिभा
आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर और मां आलय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मां आलय कार्यालय, चीनी का रोजा, यमुना ब्रिज पर ‘चित्रकला के रंग, कान्हा जी के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पांच विद्यालयों के 57 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंग माध्यमों से कान्हा से जुड़े चित्रों का सृजन कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतिभागियों को बहुरंगी उपहार और एक-एक गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कुमारी भावना ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम की संयोजक, चित्रकार एवं मां आलय की संस्थापक अध्यक्ष राधा मुकुल गुप्ता ने बताया कि बच्चों ने विभिन्न रंग माध्यमों का प्रयोग करते हुए भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
चित्रकला सृजनशीलता को देती है विस्तार
संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं मंगलायतन यूनिवर्सिटी की पूर्व कुलपति प्रो. चित्रलेखा सिंह ने बच्चों को चित्रकला के माध्यम से अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं ललित कला संस्थान आगरा की पूर्व निदेशक डा. सरोज भार्गव ने कहा कि चित्रकला के साधक की कल्पनाशीलता विशाल हो जाती है। ललित कला संस्थान आगरा के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि रंगों की दुनिया अनंत, असीमित और अत्यंत हृदयस्पर्शी होती है।
संस्कार भारती की प्रांतीय संरक्षक एवं बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की पूर्व चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. साधना सिंह ने कहा कि चित्रकला मानव जीवन की पहली कला साधना है। गुफाओं में जीवन के युग से ही इंसान चित्रकला के माध्यम से अपनी भावनाओं और अनुभवों को अभिव्यक्त करता आया है।
कार्यक्रम में संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग, प्रख्यात चित्रकार विजय एम. ढोरे, अध्यापिका गीता सोनी, संजीव दौनेरिया, सुशील कुमार दौनेरिया, निशि दौनेरिया, नीनू गर्ग, अंकित, पायल दौनेरिया, प्रियंका, इंजीनियर शुभम कुमार सहित दौनेरिया परिवार के अनेक गणमान्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
मंच संचालन संजीव दौनेरिया और इंजीनियर शुभम कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्कार भारती के महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।