आगरा में गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करेगी करणी सेना महिला विंग
आगरा। समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से करणी सेना महिला मोर्चा ने गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने का संकल्प लिया है। यह निर्णय संगठन की राष्ट्रीय महासचिव विदुषी सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में दर्जनों महिला सदस्यों ने भाग लेकर संगठन को मजबूती देने पर विचार-विमर्श किया।
विदुषी सिंह ने कहा कि महिलाओं को संगठित कर उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद करें और उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ें।
बैठक में महिला सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विषमताओं जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन की भावी योजनाओं के लिए सकारात्मक सुझाव भी दिए।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले महीनों में प्रदेशव्यापी महिला जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।