इज्जतनगर रेल मंडल में 660 रूट किमी पर 295 करोड़ से लगेगा कवच 4.0, 53 स्टेशन होंगे सुरक्षा कवच में, कासगंज से ब्रह्मावर्त तक रेलखंडों पर बढ़ेगी संरक्षा, सिग्नल पार करने और ट्रेन टक्कर की घटनाओं पर लगेगी रोक; घने कोहरे में भी सुरक्षित संचालन में मिलेगी मदद
-आरके सिंह- बरेली। भारतीय रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 660 रूट किलोमीटर रेलखंड पर कवच संस्करण 4.0 स्थापित करने के कार्य को मंजूरी दे दी है। करीब 295 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत मंडल के 53 स्टेशनों को कवच प्रणाली से जोड़ा जाएगा। रेलवे के मुताबिक कवच 4.0 की स्थापना से ट्रेनों की गति और परिचालन की लगातार निगरानी होगी तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वचालित ब्रेकिंग के माध्यम से ट्रेनों को सुरक्षित नियंत्रित किया जा सकेगा।
इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने बताया कि कवच भारत में स्वदेशी रूप से विकसित ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) प्रणाली है। इसे सिग्नल पास्ड एट डेंजर (एसपीएडी) यानी लाल सिग्नल पार करने की घटनाओं और ट्रेनों की टक्कर रोकने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। प्रणाली ट्रेन की गति और परिचालन परिस्थितियों पर लगातार नजर रखती है और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन होने की स्थिति में स्वत: ब्रेक लगाकर ट्रेन को नियंत्रित करने में सक्षम है।
रेलवे के अनुसार यह परियोजना शेष रेलखंडों पर लॉन्ग-टर्म इवोल्यूशन (एलटीई) संचार बैकबोन के साथ कवच प्रणाली स्थापित करने संबंधी अम्ब्रेला कार्य के तहत स्वीकृत की गई है। इसके पूरा होने के बाद इज्जतनगर मंडल के महत्वपूर्ण रेलखंडों पर आधुनिक ट्रेन सुरक्षा प्रणाली का विस्तार होगा।
कवच 4.0 के दायरे में शामिल 53 स्टेशन
इज्जतनगर मंडल में कवच 4.0 के तहत कुल 53 स्टेशन शामिल किए जाएंगे। इनमें कासगंज-इज्जतनगर रेलखंड के 12 स्टेशन, इज्जतनगर-काठगोदाम के नौ स्टेशन, लालकुआं-रामपुर के पांच स्टेशन, लालकुआं-काशीपुर के चार स्टेशन, रामनगर-कटघर के चार स्टेशन, भोजीपुरा-टनकपुर के नौ स्टेशन, पीलीभीत-शाहजहांपुर के चार स्टेशन, पीलीभीत-मैलानी के पांच स्टेशन तथा मंधना जंक्शन-ब्रह्मावर्त रेलखंड का एक स्टेशन शामिल है।
घने कोहरे में भी सुरक्षित संचालन
रेलवे के मुताबिक कवच 4.0 की स्थापना से संबंधित रेलखंडों पर ट्रेन परिचालन की निगरानी और संरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। यह प्रणाली अधिकतम अनुमेय गति पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में सहायता करेगी और रेल परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाएगी। खासतौर पर घने कोहरे जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में कवच प्रणाली सुरक्षित रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
रेलवे का कहना है कि 660 रूट किलोमीटर रेलखंड पर कवच 4.0 की व्यवस्था होने से इज्जतनगर मंडल की संरक्षा अवसंरचना और मजबूत होगी। इसके साथ ही रेल परिचालन की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता में वृद्धि होगी।