मथुरा में गोवर्धन क्षेत्र के एक गांव में साइबर ठगों पर सबसे बड़ा ऑपरेशन: 400 पुलिसकर्मियों ने इलाके के चार गांवों को घेरकर 42 लोग हिरासत में लिये

मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में साइबर ठगी के बढ़ते नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार सुबह अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन चलाया। तड़के पांच बजे शुरू हुए इस गुप्त अभियान में 400 से अधिक जवानों ने चार गांवों को घेरकर 42 लोगों को पकड़ लिया, जिनमें आठ संदिग्ध साइबर ठग शामिल पाए गए।

Dec 11, 2025 - 19:45
 0
मथुरा में गोवर्धन क्षेत्र के एक गांव में साइबर ठगों पर सबसे बड़ा ऑपरेशन: 400 पुलिसकर्मियों ने इलाके के चार गांवों को घेरकर 42 लोग हिरासत में लिये
साइबर ठगों को पकड़ने गई फोर्स, जिसमें खेत की ओर जाते पुलिस के जवान दिखाई दे रहे हैं।

मथुरा। थाना गोवर्धन क्षेत्र का गांव देवसेरस, हरियाणा और राजस्थान से सटी यूपी की सीमा पर स्थित है। पिछले कुछ महीनों में यह इलाका साइबर ठगी का नया जामतारा बन चुका था। लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद पुलिस ने गुरुवार सुबह यहां ऐसा घेरा डाला कि पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

तड़के लगभग पांच बजे, जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तब चार आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में 400 से अधिक पुलिसकर्मियों का बड़ा जत्था खेतों की पगडंडियों के रास्ते देवसेरस, मुड़सेरस, मड़ोरा और नगला मेव गांवों की ओर बढ़ा। पूरा ऑपरेशन इतनी गोपनीयता से किया गया कि लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जैसे ही पुलिस ने गांवों को चारों ओर से घेरा, ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। कई लोग खेतों की ओर भागे, लेकिन पुलिस जवानों ने उन्हें खेतों से पकड़ लिया। टीमों ने गांवों के घरों की तलाशी लेकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। कार्रवाई करीब साढ़े ग्यारह बजे तक जारी रही, जिसके दौरान ग्रामीणों में दहशत का माहौल छाया रहा।

स्थानीय पुलिस को भरोसे में नहीं लिया गया

इस पूरे अभियान में चौंकाने वाली बात यह रही कि स्थानीय पुलिस को कार्रवाई की सूचना तक नहीं दी गई। सूत्रों के अनुसार, उच्चाधिकारियों को संदेह था कि स्थानीय स्तर पर सूचना लीक हो सकती है, इसलिए पूरे ऑपरेशन को बाहरी टीमों ने अंजाम दिया।

चार एसपी, चार सीओ, 26 इंस्पेक्टर और पीएसी रही शामिल

छापेमारी में चार एसपी, चार सीओ, 26 इंस्पेक्टर, 350 से अधिक सिपाही और पीएसी शामिल थी। अधिकारियों ने किस वजह से इतनी बड़ी कार्रवाई की गई, इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि साइबर ठगों ने किसी बड़े अधिकारी या मंत्री को निशाना बनाया था, जिसके बाद यह ऑपरेशन खड़ा किया गया।

कई मोबाइल बरामद, सिम की जांच जारी

एसपीआरए सुरेश चंद रावत ने बताया कि एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। पकड़े गए 42 लोगों में से आठ लोग सीधे साइबर अपराध में शामिल पाए गए हैं। मौके से मिले मोबाइल फोन और सिम कार्डों की जांच साइबर टीम कर रही है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे अभियान जारी रखेगी, जब तक इस क्षेत्र से साइबर अपराध पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor