अग्रवाल महिला मंडल की कमान पांच संयोजिकाओं को, 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी गठित
आगरा। श्री अग्रवाल सेवा संगठन दयालबाग की महिला मंडल इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। वर्ष 2026 से 2028 तक के दो वर्षीय कार्यकाल के लिए गठित महिला मंडल में पांच संयोजिकाओं सहित कार्यकारिणी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संगठन की महिला शाखा सामाजिक, धार्मिक और सेवा गतिविधियों के साथ-साथ अग्रसेन जयंती के आयोजनों में भी सक्रिय भूमिका निभाएगी।
खंदारी स्थित संगठन के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संस्था के मुख्य संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग ने महिला मंडल की पांच संयोजिकाओं के नामों की घोषणा की। उन्होंने श्रीमती बबीता मित्तल, रेखा अग्रवाल, गरिमा गर्ग, डोली अग्रवाल एवं रेनू जैन को महिला मंडल की संयोजिका पद पर मनोनीत किया।
संस्था अध्यक्ष कुलवंत मित्तल ने बताया कि संगठन की महिला शाखा द्वारा सदस्य परिवारों की महिलाओं को सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों से जोड़ने के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज, खिचड़ी वितरण और पौधारोपण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शोभायात्रा एवं मंचीय व्यवस्था की जिम्मेदारी भी महिला मंडल की ओर से संभाली जाती है।
संस्था के महामंत्री राजीव खेमका ने कार्यकारिणी गठन की जानकारी देते हुए बताया कि पांच संयोजिकाओं के साथ आशा अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, सुमन खेमका, प्रिया अग्रवाल, संगीता गर्ग, गुंजन अग्रवाल, क्षमा गोयल, वंदना अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, गार्गी अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, काजल अग्रवाल, अंशु अग्रवाल, गुंजन एवं राधिका को कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
संगठन पदाधिकारियों ने नवनियुक्त महिला मंडल की कार्यकारिणी से सामाजिक सेवा, महिला सहभागिता और संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।