बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद का कैदी फरार, सात कर्मचारी निलंबित; गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गईं

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित सेंट्रल जेल से सोमवार दोपहर उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था में प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार कैदी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

Jun 22, 2026 - 22:32
 0
बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद का कैदी फरार, सात कर्मचारी निलंबित; गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गईं
बरेली सेंट्रल जेल से फरार हुए कैदी का फाइल फोटो।

फरार कैदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद, निवासी नेडा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। दिनेश को बिजनौर के एक पॉक्सो एक्ट मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह पिछले छह वर्षों से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था।

जानकारी के अनुसार दिनेश को विशेष पर्ची के आधार पर जेल परिसर से बाहर कार्य के लिए निकाला गया था। उससे पहले 12 अन्य बंदियों को भी कार्य के लिए बाहर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल कर ली। काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर जेल प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी केंद्रीय कारागार पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की समीक्षा करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस सर्विलांस, स्थानीय नेटवर्क और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से फरार कैदी की तलाश कर रही है। आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।

सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अविनाश ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए जेल वार्डन विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, मुकेश कुमार और मोहित कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय कुमार और यशपाल के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

जेल प्रशासन ने पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor