लायंस क्लब आगरा प्रयास ने गौशाला को भेंट की एंबुलेंस, समाजसेवियों और क्लब पदाधिकारियों का सम्मान
आगरा। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय लायंस क्लब आगरा प्रयास ने सोमवार को एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए दीनदयाल धाम, मथुरा स्थित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति को एंबुलेंस भेंट की। सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में आयोजित सेवा एवं सम्मान समारोह में दो जरूरतमंद छात्राओं की वार्षिक फीस जमा कराने की घोषणा भी की गई। साथ ही समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों और क्लब के पदाधिकारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कोषाध्यक्ष शशिकांत गुप्ता को एंबुलेंस की चाबी सौंपते हुए कहा कि गौसेवा और मानव सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।
क्लब अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने बताया कि वर्ष 2025-26 के कार्यकाल में लायंस क्लब आगरा प्रयास ने शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अनेक जनहितकारी कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी सेवा कार्यों को इसी समर्पण के साथ जारी रखेगा।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि एंबुलेंस सेवा के साथ-साथ क्लब ने दो स्कूली छात्राओं की वार्षिक फीस का भी वहन किया है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी छात्रा की शिक्षा में बाधा न बन सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सेवा दोनों ही समाज के विकास के मजबूत आधार हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवी सुनील विकल, हेल्प आगरा के मुकेश जैन तथा नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं क्लब के संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, सचिव विनीत खेरा, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल, वर्तमान अध्यक्ष रितेश मांगलिक, सचिव सुरभि पाटनी तथा कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत तनुजा मांगलिक ने किया। इस अवसर पर पूर्व मंडलाध्यक्ष संजीव तोमर, डॉ. संदीप अग्रवाल, संदीप पाटनी, रीना गर्ग, इरा खेरा, संजीव सरीन, रेशमा मगन, डॉ. परिणीता बंसल, कपिल मगन, आनंद प्रकाश, रेखा बत्रा, हरीश बत्रा, संजीव चंद्र, अंशुमन बावरी, गीतिका अग्रवाल, आलोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।