लायंस प्रयास का अधिष्ठापन समारोहः ‘वन टीम, वन ड्रीम’ थीम के साथ नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान
आगरा। समाज सेवा के प्रति समर्पण और उत्साह की भावना के साथ लायंस क्लब आगरा प्रयास का 18वां अधिष्ठापन समारोह बुधवार को होटल हॉलिडे इन में भव्यता से सम्पन्न हुआ। समारोह में सेवा, एकजुटता और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पीएमजेएफ जितेन्द्र सिंह चौहान (सीए लीडर फॉर जीएटी एवं एलसीआईएफ) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उनके साथ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव कुमार तोमर, डॉ. आरएन वर्मा (वीडीजी-1) और इंजीनियर अजय भार्गव (वीडीजी-2) मंचासीन रहे।
नई टीम को सौंपा दायित्व
क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल, सचिव शिप्रा बंसल और कोषाध्यक्ष मनीष बंसल ने क्रमशः नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश मांगलिक, सचिव सुरभि पाटनी और कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग को पदभार सौंपा।
सेवा का उद्देश्य सिर्फ मदद नहीं, प्रेरणा भी है
मुख्य अतिथि जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा, लायंस इंटरनेशनल का उद्देश्य केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और एक-दूसरे को प्रेरित करना है। उन्होंने अन्न दान, स्वास्थ्य शिविरों और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता में शामिल करने का आह्वान किया।
15 अवॉर्ड जीतने वाली टीम
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि वर्ष 2024-25 में क्लब को 15 सेवा पुरस्कार प्राप्त हुए, जिनमें से दो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले। यह पूरी टीम के समर्पण का परिणाम है।
‘वन टीम, वन ड्रीम’ थीम
क्लब के नवीन अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने कहा कि उनकी टीम 'वन टीम, वन ड्रीम' की सोच के साथ सामाजिक सेवा में नए आयाम स्थापित करेगी।
‘लॉयंस अदालत’ बना समारोह का आकर्षण
कार्यक्रम का सबसे मनोरंजक और सराहनीय हिस्सा रहा ‘लॉयंस प्रयास की अदालत’, जो 'आप की अदालत' की थीम पर आधारित था। इसमें जय अग्रवाल ने न्यायाधीश की भूमिका निभाई। कुमार कृष्ण गोयल और संजय सुराना ने वकील बनकर तीखे प्रश्नों से सदस्यों को खूब गुदगुदाया। निधि लाल के संचालन ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
समारोह में संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, तनुजा मांगलिक, डॉ. जयदीप मल्होत्रा, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, इरा खेरा, अनिल सरीन, आभा सरीन, दिव्या गोयल, रानू, आशीष अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।