तत्परता से बचाईं जानें: यूपी112 की पीआरवी टीमों के जांबाज़ पुलिसकर्मी सम्मानित
आगरा। लोगों की जान बचाने जैसे मानवीय कार्यों में तत्परता दिखाने वाले आगरा पुलिस कमिश्नरेट के पीआरवी पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। यूपी-112 लखनऊ मुख्यालय द्वारा प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्रों को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने कमिश्नरेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इन पुलिसकर्मियों को सौंपा।
कमिश्नर दीपक कुमार ने इन पुलिसकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि आप सभी ने न केवल ड्यूटी का निर्वहन किया, बल्कि एक मिसाल भी पेश की है।
ये रहे वे मौके, जब जान बचाने के लिए दौड़ पड़े पुलिसकर्मी
बसेरा एंक्लेव, थाना न्यू आगराः पति-पत्नी ने की आत्महत्या की कोशिश की। तारीख: 18 जून 2025। पीआरवी-6511 टीम। कमांडर होमगार्ड: नरेश कुमार और चालक होमगार्ड: बेताल सिंह। 112 पर सूचना मिलते ही पीआरवी-6511 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नसें काट चुके पति-पत्नी को तुरंत अस्पताल ले गई। समय रहते इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई।
झरना नाला, थाना खंदौलीः स्कूटी सवार युवक नाले में गिरा। तारीख: 20 जून 2025। पीआरवी-6146 टीम। कमांडर आरक्षी: मोहम्मद शादाब, सब कमांडर होमगार्ड: शैलेंद्र कुमार और चालक होमगार्ड: गजेंद्र शर्मा। युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका समय पर इलाज हो सका।
न्यू आगराः युवक ने खुद पर किया जानलेवा हमला। तारीख: 29 जून 2025। पीआरवी-4971 टीम। कमांडर आरक्षी: भुवनेश कुमार और चालक: पंकज कुमार। नशे की हालत में खुद पर हमला कर रहे युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
शमसाबाद रोड फ्लाईओवरः युवक कर रहा था आत्महत्या की कोशिश। तारीख: 1 जुलाई 2025। पीआरवी-0046 टीम। कमांडर मुख्य आरक्षी: अरविंद प्रताप सिंह, सब कमांडर मुख्य आरक्षी: अजय कुमार, सब कमांडर होमगार्ड: रोतान सिंह और आरक्षी चालक: गजेंद्र सिंह। इनर रिंग रोड फ्लाईओवर से कूदने जा रहे युवक को खींचकर समय रहते बचा लिया गया।
पुलिस कमिश्नर बोले
इन जवानों ने जिस संवेदनशीलता से आमजन की जान बचाई, वह कर्तव्यनिष्ठा और मानवता का अद्भुत उदाहरण है। इनका सम्मान हम सभी के लिए प्रेरणा है।