एलएलबी छात्रा का आरोप- दो सगे भाई और भाभियां हलाला के लिए दबाव बना रहीं, विरोध करने पर गला दबाया और मारपीट की, बरेली में रिपोर्ट दर्ज
आरके सिंह- बरेली। बरेली में एलएलबी की एक छात्रा ने अपने दो सगे भाइयों, उनकी पत्नियों और एक रिश्तेदार पर जबरन हलाला कराने का दबाव बनाने, विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद अरशद, उनकी पत्नियों ताहिरा बी और सना उर्फ वाली तथा शब्बीर पुत्र अबरार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। छात्रा का आरोप है कि परिवार के लोग उसे तलाकशुदा पूर्व पति राहत हुसैन के पास वापस भेजने के लिए हलाला कराने का दबाव बना रहे हैं और उसकी पढ़ाई व वकालत के करियर का भी विरोध कर रहे हैं।
इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश गौतम ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व पति से तलाक का कोर्ट आदेश होने का दावा
छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बरेली कचहरी में अफसार अहमद एडवोकेट के चैंबर नंबर 24 में वकालत सीख रही है। उसका कहना है कि उसके पूर्व पति राहत हुसैन से अदालत के माध्यम से तलाक हो चुका है और संबंधित न्यायालय का आदेश भी उसके पास है। छात्रा के मुताबिक वह अब किसी भी स्थिति में हलाला नहीं कराना चाहती।
छात्रा ने बताया कि उसके चार भाई हैं। सबसे छोटे भाई आसिक सऊदी अरब में मजदूरी करते हैं और मां के खर्च में सहयोग करते हैं। उसके मुताबिक बाकी भाइयों में एक भाई कोई मतलब नहीं रखता, जबकि मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद अरशद तथा उनकी पत्नियां ताहिरा बी और सना उर्फ वाली उस पर मकान छोड़कर चले जाने का दबाव बनाती हैं।
मकान छोड़ने और जान से मारने की धमकी का आरोप
तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने छात्रा से कहा कि मकान छोड़कर कहीं चली जाए, वरना उसे जिंदा मकान में गाड़ देने और उसकी मां को अनाथालय भेजने की धमकी दी। छात्रा का आरोप है कि परिवार के लोग उसकी पढ़ाई और वकालत करने का भी विरोध करते हैं और कहते हैं कि घर की महिलाएं पर्दे में रहती हैं, इसलिए उसकी पढ़ाई बंद करा देंगे।
गला दबाने और मारपीट का आरोप
छात्रा के मुताबिक रविवार को शब्बीर पुत्र अबरार, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद अरशद और दोनों की पत्नियों ने एक राय होकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उससे कहा गया कि जिस पति राहत हुसैन ने तलाक दिया है, उसे उसी के साथ रहना होगा और उसकी मर्जी से हलाला करना होगा।
छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसके मुताबिक शब्बीर ने उसे जान से मारने के लिए कहा। इसके बाद मोहम्मद आरिफ ने उसका गला दबा दिया, जिससे उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश होकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद अरशद ने उसके कान पर थप्पड़ मारा और लात-घूंसों से पिटाई की। छात्रा का कहना है कि इसके बाद उसके कान में सुनाई देना बंद हो गया और शरीर पर चोटें आईं।
पढ़ाई और वकालत रोकने का भी आरोप
छात्रा का कहना है कि वह एलएलबी की पढ़ाई कर रही है और प्रशिक्षु वकील के तौर पर प्रैक्टिस भी कर रही है। वह अपनी पढ़ाई और करियर को आगे बढ़ाना चाहती है, लेकिन परिवार के कुछ लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि उसके भाई और उनकी पत्नियां उसे वकालत नहीं करने देने की बात कहते हैं और उसके वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
पूर्व पति पर भी दबाव बनाने का आरोप
छात्रा ने आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति राहत हुसैन भी हलाला करने के लिए दबाव बना रहा है। उसका कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। छात्रा ने पुलिस से अपनी और अपनी मां की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोप लगाया कि परिवार के लोग पहले भी उसके और उसकी मां के साथ दो बार मारपीट कर चुके हैं और उसे आशंका है कि आरोपी किसी भी समय उसकी हत्या कर सकते हैं।
पुलिस के मुताबिक मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।