प्रेम प्रसंग बना खून की वजह, बरेली में बहन के प्रेमी ने साथियों संग भाई के सिर में मारी गोली; डीजे संचालक की मौके पर मौत
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद सोमवार देर रात खूनी अंजाम तक पहुंच गया। बारादरी थाना क्षेत्र में डीजे संचालक 21 वर्षीय अर्जुन की उसके ही परिचित युवकों ने घेरकर सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की बहन और मुख्य आरोपी कुश के बीच प्रेम संबंध थे, जिनका अर्जुन विरोध करता था। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
बरातघर से काम खत्म कर लौट रहा था अर्जुन
जानकारी के अनुसार बारादरी थाना क्षेत्र के गोसाईं गौटिया निवासी 21 वर्षीय अर्जुन डेलापीर स्थित एक बरातघर में डीजे चलाने का काम करता था। सोमवार देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया।
सिर में गोली मारकर उतारा मौत के घाट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले अर्जुन और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपी अर्पित मौर्य ने अवैध असलहे से अर्जुन के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर हालत में अर्जुन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात लगभग 11:30 बजे डायल 112 पर युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली।
जांच में सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दिखाई दिए, जिनमें मृतक अर्जुन तथा आरोपी कुश, अर्पित और कपिल की पहचान हो गई है। एक अन्य व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन की बहन और मुख्य आरोपी कुश के बीच प्रेम संबंध थे। अर्जुन इस रिश्ते का विरोध करता था, जिसके चलते दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार रात कुश अपने साथ अर्पित मौर्य और कपिल को लेकर अर्जुन के पास पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अर्पित ने गोली चला दी।
चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता राकेश मौर्य, जो राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव बताए जा रहे हैं, ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की साजिश रची। उनकी तहरीर के आधार पर थाना बारादरी में चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी भी डीजे और बरातघर के काम से जुड़े
स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक अर्जुन और आरोपी पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। सभी लोग बरातघर और डीजे के काम से जुड़े हुए थे, जिसके कारण उनके बीच पहले से परिचय था। प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही रंजिश आखिरकार हत्या की वारदात में बदल गई।
तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें
पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि नामजद आरोपी कुश, अर्पित मौर्य और कपिल की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।