माधुर्य संस्था ने किया युवा लेखिका समायरा के अंग्रेजी उपन्यास ‘ब्लंडर इन स्ट्रोथम’ का लोकार्पण
आगरा। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था माधुर्य द्वारा रविवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल के समीप आयोजित गरिमामय समारोह में ताजनगरी की उभरती लेखिका समायरा विजय गुप्ता के अंग्रेजी उपन्यास ब्लंडर इन स्ट्रोथम का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े विद्वानों ने कृति की सराहना करते हुए इसे समकालीन समय की सशक्त आवाज बताया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय श्रीवास्तव ने कहा कि एआई और डिजिटल माध्यमों के प्रभुत्व के दौर में मौलिक लेखन और पुस्तक प्रकाशन परंपरागत साहित्यिक मूल्यों का पुनर्जीवन है। उन्होंने समायरा जैसे नवोदित रचनाकारों को युवा साहित्यिक क्रांति का प्रतीक बताया और सृजनशील संस्कारों के पोषण पर बल दिया।
पुस्तक की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आर.एस. तिवारी ‘शिखरेश’ ने कहा कि यह मर्डर मिस्ट्री केवल अपराध कथा नहीं, बल्कि राजनीतिक भ्रष्टाचार और अमानवीयता पर करारा प्रहार करते हुए अस्तित्ववाद की गूंज प्रस्तुत करती है। इतनी कम उम्र में समायरा की लयात्मक गद्य-शैली पाठकों को भीतर तक छूती है।
मुख्य अतिथि, बुक्स एंड ब्रूज आगरा कम्युनिटी की संस्थापक डॉ. इरमीन फरहत अली ने उपन्यास की भाषा को सहज, प्रवाहपूर्ण और व्यापक पाठक वर्ग के लिए अनुकूल बताया। उन्होंने कहा कि यह क्राइम थ्रिलर अवश्य ही बड़े पाठक समूह तक पहुंचेगी और युवा लेखकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित ने मोबाइल-केंद्रित दिनचर्या से बाहर निकलकर साहित्य सृजन की दिशा में उठाए गए इस कदम को स्तुत्य बताया। माधुर्य के संरक्षक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन ने लेखिका को शुभाशीष देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था की संस्थापक-अध्यक्ष निशिराज ने कहा कि यह उपन्यास युवाओं में साहित्य के प्रति नई चेतना और जागृति पैदा करेगा।
लेखिका समायरा विजय गुप्ता ने अपनी लेखन यात्रा साझा करते हुए बताया कि यह कृति उनके विचारों, कल्पना और समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टि का परिणाम है। कार्यक्रम का संचालन निशिराज ने किया।
इस दौरान डॉ. सुषमा सिंह, रमा वर्मा, अशोक अश्रु, पं. महेश चंद शर्मा गोपाली, रामेंद्र शर्मा रवि, भरत सिंह परमार, ओम स्वरूप गर्ग, नंद नंदन गर्ग, निधि चतुर्वेदी, मधु सक्सेना, पार्षद भरत शर्मा, डॉ. राकेश भाटिया, डॉ. नवनीत अग्रवाल, डॉ. एनबी सक्सेना, डॉ. दीप्ति माला अग्रवाल, डॉ. जनार्दन पाटिल, रंगकर्मी उमाशंकर मिश्र, नीरज अग्रवाल, डॉ. महेश धाकड़, अंकुश गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, रामकुमार वर्मा और सौरभ अग्रवाल, कुमार ललित प्रमुख रूप से मौजूद रहे। समायरा के पिता डॉ. विजय गुप्ता, मां डॉ. पायल सक्सेना ने अतिथियों का स्वागत किया।