आगरा में हादसा: पीलाखार में हुए जलभराव में पलटा ऑटो, सीवर खुदाई के गहरे गड्ढे में गिरे छह लोग; चार बचाए गए, दो की तलाश जारी

आगरा। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के बीच आगरा के पीलाखार क्षेत्र में शाम के समय लापरवाही का खौफनाक नतीजा सामने आया। सड़क पर हुए जलभराव से गुजर रहा एक ऑटोरिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार छह लोग सीधे पास में सीवर लाइन की खुदाई से बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरे। सभी लोग डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो लोगों की तलाश देर शाम तक जारी रही। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

Aug 7, 2026 - 19:50
Aug 7, 2026 - 19:51
 0
आगरा में हादसा: पीलाखार में हुए जलभराव में पलटा ऑटो, सीवर खुदाई के गहरे गड्ढे में गिरे छह लोग; चार बचाए गए, दो की तलाश जारी
पीलाखार में हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा रेस्क्यू किये गया एक व्यक्ति।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीलाखार क्षेत्र में करीब आठ महीने पहले सीवर लाइन बिछाने के लिए गहरी खुदाई की गई थी। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण यह गहरा गड्ढा खुला पड़ा था। शुक्रवार की बारिश के बाद उसमें बड़ी मात्रा में पानी भर गया, जिससे गड्ढा पूरी तरह जलभराव में छिप गया और उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया।

बताया गया कि जलभराव से होकर गुजरते समय ऑटोरिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ऑटो में सवार सभी छह लोग सीधे पानी से भरे उसी गहरे गड्ढे में जा गिरे। पानी अधिक होने के कारण सभी लोग डूबने लगे और मदद के लिए चीख-पुकार मच गई।

शोर सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने जोखिम उठाते हुए चार लोगों को गड्ढे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें से तीन को अस्पताल भेजा गया। दो अन्य लोग पानी में लापता हो गए, जिनकी तलाश पुलिस और प्रशासन की टीमों द्वारा लगातार की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। गड्ढे में डूबे दोनों लोगों की तलाश के लिए आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक दोनों का पता नहीं चल जाता।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणदायी संस्था पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सीवर लाइन के लिए की गई गहरी खुदाई के बावजूद न तो मौके पर बैरिकेडिंग की गई और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया। बारिश के दौरान जलभराव होने से गड्ढा पूरी तरह पानी में छिप गया, जिसके कारण ऑटो चालक को खतरे का आभास नहीं हो सका।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल लापता दोनों लोगों की तलाश जारी है और उनकी पहचान सहित अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor