बड़ा हादसा होने से टला, ट्रक ने स्कूली बस में मारी टक्कर
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में आज उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब स्कूली बच्चों को ले जा रही बस में ट्रक ने टक्कर मार दी। गनीमत रही कि टक्कर में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई।
शास्त्रीपुरम क्षेत्र स्थित जेसीबी चौराहा
पर सेंट वीएस पब्लिक स्कूल की बस में लोडर ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस का एक हिस्सा पिचक गया। बस में बैठे बच्चे सीट से गिर गए। इस हादसे से बच्चे चीख पुकार मचाने लगे। बच्चों की चीख सुनकर चौराहे पर मौजूद लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को नीचे उतारा। बस में करीब 25 बच्चे सवार थे।
सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना प्रभारी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हल्की चोट लगे बच्चों का हौंसला बढ़ाया। टक्कर के बाद बच्चे काफ़ी दहशत में थे। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी बच्चे के ज्यादा चोट नहीं आई है। स्कूल की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बस में टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश कर रही है।