बरेली में अपर जिला जज के आवास पर पूजा के दौरान अचानक लगी आग, बड़ी दुर्घटना टली

बरेली में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आवास विकास कॉलोनी स्थित अपर जिला जज ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के किराए के घर में अचानक आग भड़क उठी। घटनास्थल पर मौजूद जज की पत्नी उस समय पूजा कर रही थीं, उसी दौरान उठी चिंगारी ने कुछ ही क्षणों में आग को विकराल रूप दे दिया। तेज लपटों ने पूजा घर का पूरा सामान और कई घरेलू वस्तुएं राख कर दीं, लेकिन दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

Nov 25, 2025 - 18:07
 0
बरेली में अपर जिला जज के आवास पर पूजा के दौरान अचानक लगी आग, बड़ी दुर्घटना टली
बरेली में अपर जिला जज ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के आवास पर लगी आग में राख हुआ घरेलू सामान।

-आरके सिंह-

बरेली। मंगलवार सुबह बरेली की आवास विकास कॉलोनी में अपर जिला जज ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जज अपने परिवार सहित रज़ी अनवर के मकान में किराए पर रहते हैं। सुबह पूजा के समय अचानक तेज चिंगारी उठने से आग ने तुरंत जोर पकड़ लिया।

अपर जिला जज की पत्नी डॉ. मधुलिका त्रिपाठी ने बताया कि वह नियमित पूजा कर रही थीं, तभी अचानक उन्हें चिंगारी दिखाई दी। कुछ ही सेकंड में आग फैलने लगी और देखते ही देखते पूजा घर, इन्वर्टर, वॉशिंग मशीन, गीजर सहित कई घरेलू सामान आग की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि आग पहले इन्वर्टर में लगी और फिर तेजी से आसपास फैलने लगी। हालात गंभीर होते देख परिवार ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पड़ोस के घर तक पहुंच गईं, जिससे वहां लगी पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही चीफ फायर ऑफिसर मनु शर्मा के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची। मनु शर्मा ने बताया कि कॉल प्राप्त होने के ढाई से तीन मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंच गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया।

सीएफओ ने बताया कि आग मुख्य रूप से पूजा घर तक सीमित रही और बाकी हिस्सों को बचा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत परीक्षण के बाद ही सटीक कारण पता चलेगा। उन्होंने राहत की जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, जो सबसे बड़ी उपलब्धि है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि दमकल विभाग कुछ मिनट भी देर कर देता, तो आग पूरे भवन में फैलकर बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी। मकान मालिक और परिवार नुकसान का आंकलन कर रहे हैं, जबकि विभाग ने आग के स्रोत और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor