बड़ा हादसा टला, ड्राइविंग सीखते समय कार तालाब में गिरी, मासूम समेत दो सुरक्षित

आगरा के शमसाबाद बाईपास पर ड्राइविंग अभ्यास के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। कार में चालक के साथ एक मासूम बच्चा भी था। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Jan 16, 2026 - 21:56
 0
बड़ा हादसा टला, ड्राइविंग सीखते समय कार तालाब में गिरी, मासूम समेत दो सुरक्षित
तालाब में गिरी कार।

आगरा। शमसाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ड्राइविंग अभ्यास कर रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से कार सवार युवक और एक मासूम बच्चे की जान बचा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना थाना शमसाबाद क्षेत्र के बाईपास रोड की है। पंचवटी कॉलोनी, आगरा निवासी सीपी तौमर (पुत्र रतेंद्र सिंह) बाईपास पर कार चलाने का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कार की रफ्तार तेज हो गई और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। नियंत्रण खोते ही कार उछलकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी।

कार को तालाब में गिरते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए शोर मचाया और जान की परवाह किए बिना तालाब में कूद पड़े। साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीणों ने कार में फंसे युवक और मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में दोनों को बाहर निकाल लेने से उनकी जान बच गई।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी शमसाबाद सुरेंद्र राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग सीखने के दौरान चालक के नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण दोनों सवारों को सुरक्षित निकाल चुके थे।

इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कार को भी तालाब से बाहर निकाला गया। थाना प्रभारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाईपास रोड पर ड्राइविंग सीखने वालों के लिए सुरक्षा मानकों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।