स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे का बड़ा सुरक्षा कदम, दिल्ली जाने वाले पार्सल की बुकिंग 15 अगस्त तक बंद, आरपीएफ-जीआरपी ने बढ़ाई निगरानी, डॉग स्क्वाड से जांच

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए वहां जाने वाले पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी पर 15 अगस्त तक रोक लगा दी है। रेलवे के इस आदेश का सीधा असर बरेली पर पड़ा है। बरेली जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर से दिल्ली के लिए पार्सल बुकिंग बंद कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने के साथ चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया है।

Aug 14, 2026 - 14:06
 0
स्वतंत्रता दिवस पर रेलवे का बड़ा सुरक्षा कदम, दिल्ली जाने वाले पार्सल की बुकिंग 15 अगस्त तक बंद, आरपीएफ-जीआरपी ने बढ़ाई निगरानी, डॉग स्क्वाड से जांच

बरेली जंक्शन के सीएमआई मोहम्मद इमरान चिश्ती ने शुक्रवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के लिए पार्सल बुकिंग सेवा बंद की गई है। यह व्यवस्था 15 अगस्त तक लागू रहेगी। इसके बाद रेलवे के निर्देश के अनुसार पार्सल बुकिंग सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।

रेलवे के वाणिज्य विभाग ने सभी संबंधित रेलवे जोन को निर्देश जारी किए हैं कि 15 अगस्त तक नई दिल्ली, दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशनों के लिए किसी भी प्रकार के पार्सल की बुकिंग नहीं की जाए। इन स्टेशनों पर पार्सल की डिलीवरी पर भी रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था 12 अगस्त से लागू है।

बरेली से दिल्ली भेजे जाने वाले पार्सल की मात्रा काफी अधिक है। बरेली जंक्शन से जरी-जरदोजी के सामान, होजरी, पतंग, मांझा, बर्तन और अन्य व्यापारिक सामग्री नियमित रूप से दिल्ली भेजी जाती है। पार्सल बुकिंग बंद होने से इन सामानों को दिल्ली भेजने वाले कारोबारियों को फिलहाल परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे ने केवल बरेली जंक्शन ही नहीं, बल्कि बरेली सिटी और इज्जतनगर रेलवे स्टेशनों से भी दिल्ली के निर्धारित स्टेशनों के लिए पार्सल बुकिंग बंद कर दी है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह प्रतिबंध स्वतंत्रता दिवस के दौरान संवेदनशील माने जाने वाले दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के उद्देश्य से लगाया गया है।

इधर, स्वतंत्रता दिवस को लेकर इज्जतनगर मंडल के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच भी बढ़ा दी गई है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान यात्रियों, सामान और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रहे हैं। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है।

इज्जतनगर मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर डॉग स्क्वाड की मदद से भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध सामान की तलाश कर रहे हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल सुरक्षा कर्मियों को दें।

रेलवे की ओर से लागू की गई यह व्यवस्था स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली जाने वाले प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जोखिम को कम करने के लिए की गई है। 15 अगस्त के बाद परिस्थितियों और रेलवे के अगले निर्देश के अनुसार पार्सल बुकिंग सेवा सामान्य होने की उम्मीद है।

SP_Singh AURGURU Editor