फतेहाबाद रोड पर कार सवार युवक का तांडव, कई वाहनों को टक्कर मारी और तलवार लहराई, पुलिस ने दबोचा

आगरा। शहर के व्यस्ततम फतेहाबाद रोड पर शुक्रवार को सायं चार बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार सवार युवक ने पहले तो कई वाहनों को टक्कर मारी और उसके बाद कार से तलवार निकालकर राहगीरों पर हमला करने का प्रयास किया। युवक की हरकतों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी युवक भिड़ गया।

Jul 11, 2025 - 22:45
 0
फतेहाबाद रोड पर कार सवार युवक का तांडव, कई वाहनों को टक्कर मारी और तलवार लहराई, पुलिस ने दबोचा
फतेहाबाद रोड पर उपद्रव करते युवक को जीप में ठूंसते पुलिसकर्मी।

तेज रफ्तार कार से टक्करें, फिर तलवार लहराने लगा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली नंबर की एक कार रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में फतेहाबाद रोड पर आ रही थी। चालक ने तीन-चार दोपहिया और चौपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। जब स्थानीय लोगों ने उसे रोका तो वह उल्टा गाली-गलौज करने लगा और लोगों से धक्का-मुक्की करने लगा।

अचानक युवक ने अपनी कार से तलवार निकाली और लहराते हुए लोगों की ओर बढ़ा। उसकी आक्रामकता और हाथ में हथियार देखकर वहां मौजूद लोग सहम उठे।

बमुश्किल आया पुलिस के काबू में

घटना के वक्त संयोग से उसी रास्ते से डीसीपी सिटी गुजर रहे थे। उन्होंने खुद युवक का तांडव देखा तो तत्काल अपनी टीम को मौके पर भेजा। पुलिसकर्मियों ने जब युवक को शांत कराने की कोशिश की तो वह उनसे भी भिड़ गया। युवक को हिरासत में लेने की कोशिश के दौरान पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वह लगातार छूटने का प्रयास करता रहा। कई बार उसने जीप से उतरने की कोशिश की। आखिरकार पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन जीप में डाला और थाने ले गये।

थाने में की जा रही पूछताछ

फिलहाल युवक को पुलिस हिरासत में रखा गया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक कहीं नशे की हालत में तो नहीं था। तलवार रखने का मकसद और वाहन में मौजूद अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor