मनीष अग्रवाल बने सरस्वती शिशु मंदिर विजय नगर के अध्यक्ष, 15 सदस्यीय नई समिति घोषित

आगरा। सरस्वती शिशु मंदिर, विजय नगर की नई प्रबंध समिति की घोषणा कर दी गई है। वरिष्ठ उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष अग्रवाल को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। 15 सदस्यीय नई समिति का कार्यकाल 10 अगस्त से प्रभावी होगा, जबकि समिति की पहली बैठक 13 अगस्त को आयोजित की जाएगी। नई समिति के सामने विद्यालय में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने की प्राथमिकता रहेगी।

Aug 11, 2026 - 18:31
 0
मनीष अग्रवाल बने सरस्वती शिशु मंदिर विजय नगर के अध्यक्ष, 15 सदस्यीय नई समिति घोषित
मनीष अग्रवाल।

विद्यालय की नई प्रबंध समिति में संरक्षक के रूप में नरेश सूद और प्रवीण कुमार घर, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष आशीष भटनागर, व्यवस्थापक किशोरी लाल गोयल, शहर व्यवस्थापक दिलीप गुप्ता और कोषाध्यक्ष भविष्य अग्रवाल शामिल हैं।

समिति के सदस्यों में नीरज खंडेलवाल, दीपक अग्रवाल, अजय तोषनीवाल, कुंदेश्वर गोयल, शैलेश कुमार, सचिन मंगल और डॉ. रश्मि मिश्रा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विद्यालय के प्रधानाचार्य और दो शिक्षक प्रतिनिधि भी समिति का हिस्सा रहेंगे।

नवनियुक्त अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने अपने मनोनयन पर विद्या भारती एवं सरस्वती शिशु मंदिर समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उच्च स्तरीय शिक्षा, अनुशासन और खेलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मनीष अग्रवाल सामाजिक, शैक्षिक और संस्थागत गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वह नेशनल चैंबर के दो बार अध्यक्ष और पिछले 10 वर्षों से श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष हैं। वर्तमान में वह लायंस क्लब इंटरनेशनल 321सी2 के गवर्नर के सलाहकार हैं। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग और प्रमोद कुमार सरस्वत ने उन्हें बधाई दी।Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor