आगरा के हिंगोट खेड़ा में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, देवर ने भी की आत्महत्या की कोशिश
आगरा। थाना बाह क्षेत्र के गांव हिंगोट खेड़ा में घरेलू कलह ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि 28 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके शव को देखकर भयभीत हुए देवर ने भी फांसी लगाने की कोशिश की। गनीमत रही कि परिजनों ने समय रहते देवर को बचा लिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर महिला के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छोटी बात से बिगड़ा मामला, छत पर जाने से शुरू हुआ विवाद
मृतका लक्ष्मी के पति रणजीत सिंह के अनुसार उनके तीन बच्चे हैं। घटना के समय मंझली बेटी छत पर चली गई थी। बेटी को नीचे लाने के लिए लक्ष्मी छत पर गई, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई। लक्ष्मी एक बार छत से उतर आई, इसके बाद दोबारा ऊपर जाते समय वह सीढ़ियों से फिसलकर चुटैल हो गई।
डॉक्टर के पास ले जाने को लेकर हुआ विवाद
पति ने बताया कि चोट लगने के बाद उन्होंने लक्ष्मी से डॉक्टर के पास चलने को कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आवेश में आकर पति ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद लक्ष्मी कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
कुछ देर बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो लक्ष्मी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर दौड़े, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
भाभी का शव देखकर देवर ने भी की आत्महत्या की कोशिश
लक्ष्मी की मौत की खबर और शव को देखकर उसका देवर आशीष पुत्र गोरेलाल बुरी तरह घबरा गया। मानसिक रूप से भयभीत होकर उसने भी घर के अंदर फांसी लगा ली, लेकिन परिवार वालों ने समय रहते उसे नीचे उतार लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बाह पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक विवाद, परिस्थितियां और अन्य पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
मृतका का पति घटना के बारे में बताते-बताते रो रहा था। उसका कहना था कि उसे नहीं मालूम था कि लक्ष्मी आत्मघाती कदम उठा लेगी। वह बार-बार अपने तीन बच्चों की बात कहकर रोये जा रहा था। मृतका लक्ष्मी दिगनेर गांव की मूल निवासी थी और रणजीत सिंह से साल 2020 में उसकी शादी हुई थी। मृतका अपने पीछे दो बेटियों स्माइली, नतासा और बेटे हिमांशु का छोड़ गई है।