मरियम नवाज गुपचुप कर रहीं बेटी महनूर की शादी, नवाज शरीफ के घर होगा निकाह, दूल्हे को लेकर सस्पेंस
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की बेटी महनूर सफदर 12 सितंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान और दुनियाभर से शरीफ परिवार के करीबी लोगों के आने की उम्मीद है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की बेटी महनूर शनिवार को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। महनूर की निकाह की रस्म जाति उमरा कस्बे में उनके पारिवारिक घर पर होगी। पाकिस्तानी मीडिया ने बताया है कि देश के बड़े राजनीतिक परिवार ने इस कार्यक्रम को बहुत सीमित स्तर पर करने का फैसला लिया है। फिलहाल इसकी कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि बाद में मरियम नवाज की ओर से बड़े स्तर पर रिसेप्शन दिया जा सकता है।
डॉन ने शरीफ परिवार से जुड़े सूत्रों हवाले से बताया है कि महनूर की शादी एक बड़े कारोबारी परिवार के लड़के से तय हुई है। हालांकि दूल्हे का नाम सामने ना आने की वजह से सस्पेंस बरकरार है। यह एक निजी पारिवारिक कार्यक्रम होगा, जिसमें करीबी रिश्तेदार और परिवार के सदस्य शामिल होंगे। शरीफ परिवार ने औपचारिक रिसेप्शन या शादी के अन्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी नहीं दी है।
महनूर पाकिस्तान में बहुत कम मौकों पर नजर आई हैं क्योंकि वह कई साल से विदेश में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। बीते हफ्ते ही मरियम बेटी महनूर के ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होने के लिए लंदन गई थीं। वह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बुधवार को लाहौर लौटी हैं। इसके तुरंत बाद ही महनूर की शादी की बात सामने आई है।
मरियम नवाज के चीन बच्चे- बेटा जुनैद और बेटियां महनूर और मेहर-उन-निसा हैं। जुनैद सफदर ने इसी साल जनवरी में शादी की है। जुनैद की शादी की रस्में कई दिनों तक भव्य स्तर पर की गई थीं। इस दौरान महनूर की फोटो खूब वायरल हुई थी, जिसमें वह दीपिका पादुकोण जैसी सिल्वर कलर की साड़ी पहने दिखी थीं। इस तस्वीर की चर्चा भारत में भी रही थी।
महनूर की शादी पर पाकिस्तान की नजर लगी है क्योंकि उनकी मां मरियम पंजाब की मुख्यमंत्री हैं। उनके नाना नवाज शरीफ पाकिस्तान के पीएम रह चुके हैं और फिलहाल नवाज शरीफ के छोटे भाई शहबाज प्रधानमंत्री हैं। शरीफ परिवार पाकिस्तान के दो-तीन सबसे प्रभावशाली परिवारों में माना जाता है। इस परिवार को पाकिस्तान ही नहीं साउथ एशिया के बड़े सियासी घरानों में गिना जाता है।