आगरा में फतेहाबाद क्षेत्र के जंगल में भड़की भीषण आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप, पुलिस-फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आगरा। फतेहाबाद ब्लॉक क्षेत्र के गांव रिहावली के पास स्थित जंगल में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल से उठते धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे। धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और आग के फैलने की आशंका से हड़कंप की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग जंगल में तेजी से फैल रही थी, जिससे खेतों और आसपास के इलाकों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पानी की बौछारें डालकर और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। काफी देर की मेहनत के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आई, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी।
बिजली बिल बकाया पर कनेक्शन काटना पड़ा भारी, दबंगों ने कर्मचारी पीटा
आगरा। थाना कस्बा बाह क्षेत्र के अशोकनगर में विद्युत विभाग की वसूली टीम में शामिल एक संविदा कर्मी के साथ दबंगों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया गया कि विद्युत बिल बकाया होने के चलते टीम द्वारा केवल बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई थी, जिससे नाराज होकर दबंगों ने संविदा कर्मी को निशाना बना लिया।
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम नियमित बकाया वसूली अभियान के तहत अशोकनगर पहुंची थी। वहां एक उपभोक्ता का विद्युत बिल लंबे समय से बकाया था। नियमानुसार टीम ने उसका कनेक्शन काट दिया। इसी बात को लेकर दबंग भड़क गए और उन्होंने वसूली टीम में शामिल संविदा कर्मी के साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।