आगरा में माथुर वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन 15-16 अगस्त को, 300 प्रतिभागियों के जुटने की उम्मीद
अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा का 20वां युवक-युवती परिचय सम्मेलन 15-16 अगस्त को आगरा के पचकुईयाँ स्थित महासभा भवन में होगा। सम्मेलन में करीब 250-300 युवक-युवतियों और अभिभावकों व अतिथियों सहित 1000-1200 लोगों के शामिल होने की संभावना है। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद सम्मेलन शुरू होगा। परिचय सम्मेलन के जरिए तय होने वाले रिश्तों में सामूहिक विवाह करने वाले जोड़ों को संस्था और समाजसेवियों की ओर से कुल ₹57,300 तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की ओर से 20वां माथुर वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन 15 और 16 अगस्त 2026 को माथुर वैश्य महासभा भवन, पचकुईयाँ, आगरा में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की अंतिम तैयारियों को लेकर महासभा भवन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ‘मामा’ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में परिचय सम्मेलन समिति के संयोजक लक्ष्मीनारायण गुप्ता समेत पूरी टीम ने भाग लिया और दो दिवसीय आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले युवक-युवतियों और उनके अभिभावकों के लिए आवास, भोजन, स्वल्पाहार, मंच, पंजीयन और परिचय व्यवस्था को लेकर विस्तृत तैयारियां की गई हैं। आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए स्वागत समिति, आवास समिति, भोजन व्यवस्था समिति, परिचय व्यवस्था समिति और युवक-युवती पंजीयन समिति समेत विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों में महासभा की मंत्रिपरिषद, मंडलीय परिषद आगरा और परिचय सम्मेलन समिति ग्वालियर से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
300 युवक-युवतियों के शामिल होने की उम्मीद
राष्ट्रीय महामंत्री शंकर गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय परिचय सम्मेलन में करीब 250 से 300 युवक-युवतियों के शामिल होने की संभावना है। इनके अलावा अभिभावकों और अतिथियों सहित करीब 1000 से 1200 लोगों के आयोजन में पहुंचने की उम्मीद है। सम्मेलन का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित कराने के साथ योग्य रिश्तों के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में जिन युवक-युवतियों के रिश्ते तय होंगे और उनके अभिभावक महासभा की सामूहिक विवाह समिति द्वारा आयोजित विवाह समारोह में उनका विवाह कराने का निर्णय लेते हैं, ऐसे जोड़ों को संस्था और समाज के सहयोग से आर्थिक प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
सामूहिक विवाह करने वाले जोड़ों को मिलेगा आर्थिक सहयोग
सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करने वाले तय जोड़ों को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ‘मामा’ की ओर से ₹21,000, संस्था शिरोमणि विनोद सर्राफ आगरा की ओर से ₹21,000, मनोज गुप्ता ‘सीमेंट लिंकर्स’ की ओर से ₹5,100, राजीव गुप्ता फिरोजाबाद की ओर से ₹5,100 तथा विशाल गुप्ता ग्वालियर की ओर से ₹5,100 की धनराशि भेंट की जाएगी। महासभा का मानना है कि इस पहल से परिचय सम्मेलन के माध्यम से तय होने वाले रिश्तों को सामूहिक विवाह के रूप में आगे बढ़ाने को प्रोत्साहन मिलेगा और समाज में सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को भी बढ़ावा मिलेगा।
15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद शुरू होगा सम्मेलन
प्रशासनिक मंत्री वीरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे महासभा भवन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद युवक-युवती परिचय सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत होगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र भावना का संदेश भी दिया जाएगा। परिचय सम्मेलन समिति के संयोजक लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने कहा कि महासभा के 138 वर्ष के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण और अभूतपूर्व आयोजन है। सम्मेलन में लगभग 300 युवक-युवतियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मंच के माध्यम से बड़ी संख्या में योग्य रिश्ते तय होंगे और समाज के परिवारों को अपने बच्चों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी चुनने का अवसर मिलेगा।
पुरुष और महिला टीमें संभालेंगी परिचय व्यवस्था
परिचय सम्मेलन के मंत्री शिव शंकर गुप्ता ने बताया कि परिचय कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए युवकों और युवतियों के परिचय की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। युवकों का परिचय संस्था की पुरुष टीम और युवतियों का परिचय संस्था की महिला टीम द्वारा परिचय व्यवस्था समिति की मौजूदगी में कराया जाएगा। मंडलीय परिषद आगरा के मंडलाध्यक्ष विमल गुप्ता सर्राफ ने अभिभावकों से अपील की कि परिचय सम्मेलन के माध्यम से यदि उनके बच्चों का रिश्ता तय होता है तो वे संस्था की सामूहिक विवाह समिति द्वारा आयोजित विवाह समारोह में विवाह कराने के लिए आगे आएं। इससे समाज में सामूहिक विवाह की भावना को मजबूती मिलेगी और अनावश्यक खर्च को भी कम किया जा सकेगा।
बैठक में मुकेश कुमार गुप्ता ‘मामा’, शंकर गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता सर्राफ, सुधीर गुप्ता सर्राफ, वीरेन्द्र गुप्ता ‘मई’, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, मनीष गुप्ता अलंकार, ध्रुव कुमार गुप्ता आचार्य, देवेन्द्र गुप्ता बादलस, राजीव गोलस, पीडी गुप्ता, विनय गुप्ता, शशिकांत गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, विजय गुप्ता, महेश चंद गुप्ता, डीके गुप्ता, अनिल गुप्ता, मुकेश गुप्ता (एलआईसी), वेदप्रकाश गुप्ता, अनूप गुप्ता, राकेश गुप्ता, शिवनारायण गुप्ता, आशीष गुप्ता, सत्यप्रकाश गुप्ता, मनोज गुप्ता ‘सीमेंट लिंकर’, विष्णु भगवान गुप्ता, श्रीभगवान गुप्ता, सीए प्रदीप गुप्ता, सीए पंकज गुप्ता, राकेश मेरोठिया, दिनेश चंद गोलस सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।