बरेली बवाल में मौलाना तौकीर रजा की वर्चुअल पेशी, न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी

-आरके सिंह- बरेली। बरेली में हुए साम्प्रदायिक बवाल के मुख्य आरोपी और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की मंगलवार को वर्चुअल पेशी हुई। सीजेएम (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) अलका पांडे की अदालत में यह पेशी फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से वर्चुअल माध्यम से कराई गई। अदालत ने मौलाना की 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए अगली सुनवाई की तारीख 28 अक्टूबर तय की है।

Oct 14, 2025 - 18:54
Oct 14, 2025 - 18:56
 0
बरेली बवाल में मौलाना तौकीर रजा की वर्चुअल पेशी, न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी

वर्ष 1982 से अब तक 20 से अधिक मुकदमे, बरेली बवाल में बने मुख्य आरोपी

तौकीर रजा पर वर्ष 1982 से अब तक लगभग 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में 26 सितंबर को बरेली में हुए बवाल के बाद उनके खिलाफ पांच थानों में सात नए मुकदमे दर्ज किए गए थे। अब तक बरेली बवाल से जुड़े कुल 12 मुकदमों में मौलाना का नाम सामने आ चुका है। पुलिस की जांच में तीन और मामलों में भी उनका नाम जोड़ा गया है।

फतेहगढ़ जेल से हुए वर्चुअल पेश, पुलिस ने रखा पक्ष

एसपीओ (वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी) लवलेश सिंह ने बताया कि मंगलवार को हुई वर्चुअल पेशी के दौरान पुलिस ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए तौकीर रजा की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग की। अदालत ने यह मांग स्वीकार करते हुए 14 दिन की रिमांड मंजूर की। पेशी के दौरान उनके साथ 39 अन्य आरोपियों को भी कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश किया गया।

अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को

सीजेएम अलका पांडे की अदालत ने आदेश दिया कि मौलाना तौकीर रजा और अन्य 39 आरोपी अब 28 अक्टूबर को अगली सुनवाई में पेश किए जाएंगे। अदालत में पेश किए गए अन्य आरोपियों में तौकीर के करीबी नदीम, डॉ. नफीस, नफीस का बेटा फरहान और अनीस सकलैनी भी शामिल हैं।

सुरक्षा कारणों से किया गया जेल ट्रांसफर

गौरतलब है कि बरेली में बवाल भड़काने के आरोप में तौकीर रजा को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पहले उन्हें बरेली जिला जेल भेजा गया, बाद में सुरक्षा कारणों से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल शिफ्ट कर दिया गया। पुलिस अब तक इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) से जुड़े 10 से अधिक नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। बरेली बवाल से जुड़े मामलों में अब तक कुल 105 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

SP_Singh AURGURU Editor