मेयर के भतीजे का तांडव: स्टेडियम में सहायक नगर आयुक्त अशोकप्रिय गौतम से गाली गलौज और हाथापाई, नगर आयुक्त को पीटने की धमकी ने हिला दिया नगर निगम, महापौर बोलीं- मुझे जानकारी नहीं
आगरा में सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में आयोजित मैराथन कार्यक्रम के दौरान रविवार सुबह ऐसा घटनाक्रम हुआ कि नगर निगम के अधिकारी सन्न रह गए। मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह के भतीजे हर्ष दिवाकर ने सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम पर न सिर्फ गाली-गलौज और हाथापाई की, बल्कि नगर आयुक्त तक को पीटने की खुलेआम धमकी दे डाली। पब्लिक प्लेस में हुई इस शर्मनाक घटना ने पूरे निगम तंत्र को हिलाकर रख दिया है।
आगरा। सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम में रविवार को एक मीडिया संस्थान की ओर से मैराथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। नगर निगम इस कार्यक्रम का सह-आयोजक था और निगम की ओर से सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को स्टेडियम पर ड्यूटी पर लगाया गया था। कार्यक्रम में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी गेस्ट के रूप में मौजूद थीं।
इसी दौरान मेयर के साथ मौजूद उनके भतीजे हर्ष दिवाकर ने जैसे ही सहायक नगर आयुक्त को देखा, अपना आपा खो दिया। अशोकप्रिय गौतम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई जानकारी के अनुसार हर्ष ने अशोक प्रिय गौतम को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अफसर ने आपत्ति जताई तो हर्ष ने और उग्र होकर—तुझे ही नहीं, तेरे नगर आयुक्त को भी पीटूंगा!
इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी जानकारी में कहा है कि हर्ष ने उसे धक्का दिया, हाथ उठाया और खुलेआम धमकियां दीं। वह यह भी बताते हैं कि समूची घटना सबके सामने हुई और मेयर भी उस समय स्टेडिटम में मौजूद थीं।
हाथापाई बढ़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर हर्ष को रोका, तब कहीं जाकर स्थिति काबू में आई।
विवादों का लंबा रिकॉर्ड
हर्ष दिवाकर विवादों के लिए पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। नगर निगम में निर्माण कार्यों की फाइलें क्लीयर न होने पर हर्ष व् कार्यकारिणी समिति की बैठक में घुसकर हंगामा किया था, जिसके बाद मेयर ने उसे बैठक कक्ष से बाहर कर दिया था। उस वक्त भी पार्षदों ने पूछा था कि हर्ष किस अधिकार से बैठक में घुसा?
एक अन्य मामले में, हर्ष और उसके साथियों ने तत्कालीन सहायक अभियंता सोमेश को कार्यालय से जबरन मेयर के कैंप ऑफिस तक ले गये थे। यह मामला भी लंबे समय तक चर्चा में रहा। भाजपा पार्षद दल की बैठकों में भी हर्ष के उपस्थित रहने और पार्षदों को निर्देशित करने पर कई पार्षद अंदरखाने नाराज़गी जता चुके हैं।
घटना के बाद बढ़ सकती है कानूनी कार्रवाई
एकलव्य स्टेडियम में हुई यह ताज़ा घटना बेहद गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह एक सार्वजनिक स्थान पर नगर निगम के अधिकारी के साथ हाथापाई और धमकी का मामला है। जानकारी के अनुसार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
नगर आयुक्त ने कहा- एसएनए ने उन्हें घटना के बारे में बताया है
इस बारे में पूछे जाने पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने उन्हें स्टेडियम में खुद के साथ घटित घटना की जानकारी दी है। इस मामले में उचित और अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
मेयर बोलीं- मुझे जानकारी नहीं, गौतम मेरे साथ रहे पर उन्होंने कुछ नहीं बताया
इस बारे में पूछे जाने पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि मुझे मीडिया से ही जानकारी मिली है कि स्टेडियम में आज सुबह के कार्यक्रम के दौरान सहायक नगर आयुक्त (एसएनए) के साथ हाथापाई जैसी घटना हुई है। उन्होंने कहा कि एनएसए उनके साथ कई घंटे रहे। स्टेडियम में जब वे राउड ल रही थीं, तब भी वे मेरे साथ थे और वे कार्यक्रम समाप्त होने पर ही वहां से लौटी थीं, लेकिन एनएसए ने उन्हें इस तरह की किसी घटना की सूचना नहीं दी।
महापौर ने कहा कि अब जब उनके संज्ञान में ये मामला लाया गया है तो वे सुबह इसकी तहत में जाएंगी। हर्ष दिवाकर के साथ ही सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम से भी वे जानकारी लेंगी।