सुरों ने छेड़ी यादों की सरगम, ‘एक प्यार का नग़मा है’ में भावनाओं से भीगी संगीत की यादगार शाम

आगरा। सामाजिक संस्था हम (ह्यूमन अपलिफ्टमेंट मूवमेंट) एवं उसके सांस्कृतिक मंच टीएससी- द सिंगर्स क्लब की ओर से ग्रैंड होटल, आगरा में ‘एक प्यार का नग़मा है’ शीर्षक से विशेष संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। सदाबहार गीतों, सुरीली आवाजों और संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सजी इस शाम ने श्रोताओं को पुरानी यादों की दुनिया में पहुंचा दिया। टीएससी कॉयर के कलाकारों ने लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागार सुरों और भावनाओं से सराबोर हो गया।

Aug 19, 2026 - 19:37
 0
सुरों ने छेड़ी यादों की सरगम, ‘एक प्यार का नग़मा है’ में भावनाओं से भीगी संगीत की यादगार शाम
सामाजिक संस्था हम के सांस्कृतिक मंच द सिंगर्स क्लब द्वारा होटल ग्रैंड में आयोजित संगीतमय संध्या की एक झलक।

कार्यक्रम का आयोजन ‘द सिंगर्स क्लब’ बाय विक्रमशुक्ला के अंतर्गत किया गया। यह हम की सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के साथ संगीत और कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं सौहार्द का वातावरण तैयार करना है।

सदाबहार गीतों ने बांधा समां

कार्यक्रम में टीएससी कॉयर के कलाकारों ने लोकप्रिय एवं सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां दीं। गीतों के साथ जुड़ी पुरानी यादों और भावनाओं ने शाम को खास बना दिया। श्रोता प्रस्तुतियों में इस तरह डूबे नजर आए कि हर गीत के साथ तालियों की गूंज कलाकारों का उत्साह बढ़ाती रही।

संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया और श्रोताओं को ऐसी यादों से जोड़ा, जिनमें गीत केवल मनोरंजन नहीं बल्कि जीवन के अनुभवों और रिश्तों से जुड़े एहसास बनकर सामने आए।

विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया कलाकारों का उत्साह

कार्यक्रम में आईपीएस नरेंद्र कुमार सिंह, आईपीएस श्रीमती बबिता साहू, कर्नल संजय सिंह, कर्नल जीएम खान, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर हरविजय बाहिया, वरिष्ठ समाजसेवी एवं लेखक अरुण डंग, अनिल डंग, अमित त्रिवेदी, संजय बैजल, जितेंद्र गुप्ता, राघवेंद्र सिंह मीनू भाई, विदुषी सिंह, करन चोपड़ा, सर्वोत्तम सिंह, महेश धाकड़, निरंजन राजपूत, प्रवीन वर्मा, सुलभ कुलश्रेष्ठ, क्रिकेटर केके शर्मा, कादिर भाई, टूरिस्ट ऑफिसर हरीश रावत, प्रदीप टम्टा तथा दिल्ली दूरदर्शन के डिप्टी डायरेक्टर अनेंद्र सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथि और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

अतिथियों और दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। दर्शकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को और यादगार बना दिया।

संगीत दिलों को जोड़ने की भाषा : विक्रम शुक्ला

हम के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा टीएससी परिवार के संस्थापक विक्रम शुक्ला ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि दिलों को जोड़ने और भावनाओं को अभिव्यक्त करने की सशक्त भाषा है।

उन्होंने कहा कि टीएससी के माध्यम से आगे भी प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और समाज में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

सहयोगियों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हम और टीएससी- द सिंगर्स क्लब की टीम के अनुज भगोर, आशीष बिसारिया, सुनील, रोज मैरी, सुमिता, लता, ऊषा, क्षमा, रश्मि और रेखा सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। शुभ संगीत संस्थान ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

संगीत, स्मृतियों और भावनाओं से सजी यह शाम कलाकारों और श्रोताओं के लिए एक ऐसी याद छोड़ गई, जिसमें सदाबहार गीतों की मिठास और आपसी जुड़ाव की गर्माहट लंबे समय तक महसूस की जाती रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor