तिरंगे की शान में आगरा के चार विधान सभा क्षेत्रों में गूंजा राष्ट्रगौरव का संदेश, तिरंगा यात्राओं में शामिल हुए हजारों लोग, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी का घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने का आह्वान

आगरा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर की ओर से बुधवार को एत्मादपुर, उत्तर, छावनी एवं दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इन यात्राओं में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों में हजारों लोगों की मौजूदगी से तिरंगा यात्राएं देशभक्ति और राष्ट्रगौरव के संदेश से सराबोर नजर आईं।

Aug 12, 2026 - 21:43
 0
तिरंगे की शान में आगरा के चार विधान सभा क्षेत्रों में गूंजा राष्ट्रगौरव का संदेश, तिरंगा यात्राओं में शामिल हुए हजारों लोग, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी का घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने का आह्वान
आगरा उत्तर क्षेत्र के दीनदयाल मंडल में बुधवार को निकली तिरंगा यात्रा में शामिल कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी और भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता व अन्य पार्टीजन।

छावनी विधानसभा के ताज मंडल एवं छावनी मंडल, दक्षिण विधानसभा के मनकामेश्वर एवं माधव मंडल, एत्मादपुर विधानसभा के खंदोली एवं कुबेरपुर मंडल तथा उत्तर विधानसभा के बल्केश्वर, दयालबाग एवं दीनदयाल मंडल में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। यात्राओं में हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए कार्यकर्ताओं, बच्चों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

दीनदयाल मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आगरा प्रभारी भूपेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की अखंडता और राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए असंख्य बलिदानियों ने अपना जीवन न्योछावर किया। ऐसे में राष्ट्र के गौरव का सिर ऊंचा रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि तिरंगा यात्रा के बाद अपने-अपने घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाएं तथा उसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड करें।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पांच करोड़ लोगों के घरों पर तिरंगा लहराने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्राओं में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही। कई स्थानों पर स्कूली बच्चों और व्यापारियों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा में हिस्सा लिया। यात्राओं के दौरान वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत रहा और लोगों ने तिरंगे के सम्मान तथा देश की एकता-अखंडता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्राओं में प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, शिव शंकर शर्मा, अरुण पाराशर, महेश शर्मा, हेमंत भोजवानी, नीतेश शिवहरे, मनवीर चौहान, दीपू जादोन, राहुल सागर, मनमोहन कुशवाह, राजेश गोयल, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, मुकेश गुप्ता, करुणानिधि गर्ग, योगेश दिवाकर, मनीष अवस्थी, धीरज कोहली, विजय कुमार, शिव शैलेन्द्र, आदर्श सिंघल आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor