शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में बनेगा सैनिक प्रशिक्षण केंद्र, रमाडा चौराहे का नाम होगा ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक’, स्मृति उपवन में जले दीप, गूंजे देशभक्ति के नारे; प्रशिक्षण केंद्र के लिए योगेंद्र उपाध्याय 50 लाख और बेबीरानी मौर्य 25 लाख रुपये की धनराशि से सहयोग करेंगे

आगरा। शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की वीरता और राष्ट्रसेवा की भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए कुआंखेड़ा स्थित उनके स्मृति उपवन में युवाओं को सेना में अधिकारी बनने का प्रशिक्षण देने के लिए केंद्र विकसित किया जाएगा। इसके लिए योजना तैयार की जा रही है। वहीं, नगर निगम सदन में पारित प्रस्ताव के अनुपालन में रमाडा चौराहे का नाम ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक’ किया जा चुका है। चौराहे पर उनकी प्रतिमा का निर्माण भी पूरा हो गया है और जल्द ही उसका लोकार्पण किया जाएगा।

Oct 10, 2026 - 06:40
 0
शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में बनेगा सैनिक प्रशिक्षण केंद्र, रमाडा चौराहे का नाम होगा ‘शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक’, स्मृति उपवन में जले दीप, गूंजे देशभक्ति के नारे; प्रशिक्षण केंद्र के लिए योगेंद्र उपाध्याय 50 लाख और बेबीरानी मौर्य 25 लाख रुपये की धनराशि से सहयोग करेंगे
कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और सेना के अधिकारी एवं पूर्व सैन्य अधिकारी। दूसरे चित्र में मौजूद उद्योगपति पूरन डावर एवं अन्य।

कैप्टन शुभम फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शहीद को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और दीप प्रज्ज्वलित कर उनके बलिदान को नमन किया गया। इस दौरान ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, शुभम तुम्हारा नाम रहेगा’ के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। कार्यक्रम में 100 से अधिक जरूरतमंद स्कूली छात्राओं को वस्त्र भी वितरित किए गए।

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कैप्टन शुभम गुप्ता की वीरता और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने उनके नाम पर मेट्रो स्टेशन का नामकरण किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इससे शहीद का नाम वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा और हजारों लोग उनसे प्रेरणा प्राप्त करेंगे।

सेना के अधिकारियों ब्रिगेडियर वीके दत्ता, कर्नल पूरन सिंह, कर्नल अवधेश कुमार (9 पैरा), कैप्टन महेश चाहर, सूबेदार महावीर सोलंकी और ग्रुप कैप्टन जयपाल सिंह चौहान ने पैराशूट रेजिमेंट की स्पेशल फोर्स के कठिन प्रशिक्षण और चुनौतीपूर्ण सैन्य जीवन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश की रक्षा के लिए सैनिकों को कठोर प्रशिक्षण से गुजरने के साथ विषम परिस्थितियों में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं से कैप्टन शुभम के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया।

उद्योगपति पूरन डावर, डॉ. केशव दत्त गुप्ता, सीए प्रमोद चौहान और शहीद के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि कैप्टन शुभम फाउंडेशन स्मृति उपवन में युवाओं को सेना में अधिकारी बनने के लिए उच्चस्तरीय सैन्य प्रशिक्षण देने का केंद्र शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसकी योजना बनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की ओर से इसके निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य की ओर से 25 लाख रुपये की धनराशि प्रदेश सरकार से स्वीकृत कराने की जानकारी दी गई।

महापौर हेमलता दिवाकर और विधायक डॉ. जीएस धर्मेश की ओर से बताया गया कि नगर निगम सदन में पारित प्रस्ताव के अनुसार रमाडा चौराहे का नाम शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता चौक रखा जा चुका है। चौराहे पर स्थापित होने वाली उनकी प्रतिमा का निर्माण पूरा हो गया है और जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।

भारत विकास परिषद के प्रमोद अग्रवाल, विनय सिंघल, धर्मगोपाल मित्तल, मनोज अग्रवाल (पौली भाई), प्रशांत अग्रवाल और राजेश गोयल सहित अन्य समाजसेवियों ने बताया कि 22 नवंबर 2026 को सूरसदन में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के बलिदान दिवस पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। देश के प्रख्यात कवियों और कवयित्रियों ने इसमें शामिल होने की सहमति दी है। कैप्टन शुभम फाउंडेशन और भारत विकास परिषद ने आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए शहर में 500 होर्डिंग लगाने तथा सामाजिक संगठनों और देशभक्त नागरिकों से सहयोग लेने की योजना बनाई है।

कार्यक्रम में डॉ. रामबाबू हरित, रवि शिवहरे, वीरेंद्र सिंघल, मनीष जैन, विनोद गोयल, गुंजन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, दीपक जैन, सुनील तिवारी, संजीव चौबे, हिमांशु सचदेवा, संजय अरोड़ा, महेश कर्दम, रघुनाथ प्रसाद गुप्ता, अनिल गुप्ता (गांधी नगर), राकेश कॉन्ट्रैक्टर, मनोज गुप्ता, मुकेश गुप्ता, लक्ष्मीकांत गुप्ता, विनय गुप्ता, कैप्टन दीवान सिंह, कैप्टन सत्यवीर सिंह, कर्नल राहुल गुप्ता, कुआंखेड़ा के ग्राम प्रधान जयपाल सिंह यादव उर्फ पप्पी भाई, नायक बृजेश चाहर, सूबेदार खजान सिंह, कैप्टन आरएस राना, एडवोकेट केके गुप्ता और ठाकुर राजवीर सिंह सहित अन्य लोगों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी वीरता और समर्पण को नमन किया।

SP_Singh AURGURU Editor