मिस दीवा सुपरनेशनल 2025 अवनी गुप्ता का गृह नगर आगरा में भव्य स्वागत, युवाओं को संदेश- असफलताओं से सीख लें और कभी हार न मानें

आगरा। ताजनगरी की बेटी और मिस दीवा सुपरनेशनल 2025 का खिताब जीतकर देश और शहर का नाम रोशन करने वाली अवनी गुप्ता के आगरा आगमन पर लायंस क्लब आगरा आधार द्वारा भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। सिकंदरा रोड स्थित होटल ओपल कोर्टयार्ड में आयोजित इस समारोह में ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गर्मजोशी भरे सम्मान के साथ अवनी गुप्ता का ऐतिहासिक अभिनंदन किया गया।

Dec 28, 2025 - 19:20
 0
मिस दीवा सुपरनेशनल 2025 अवनी गुप्ता का गृह नगर आगरा में भव्य स्वागत, युवाओं को संदेश- असफलताओं से सीख लें और कभी हार न मानें
सिकंदरा क्षेत्र के एक होटल में मिस दीवा सुपरनेशनल अवनी गुप्ता का स्वागत करते लायंस के पूर्व इंटरनेशनल डाइरेक्टर जितेंद्र चौहान, अजय भार्गव व अन्य।

समारोह में लायंस क्लब के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अवनी गुप्ता को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को समाज और देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
जितेंद्र चौहान ने कहा कि अवनी की सफलता यह प्रमाण है कि दृढ़ निश्चय, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

इस अवसर पर अवनी गुप्ता ने कहा कि सपने देखना पहला कदम है, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास बनाए रखने, असफलताओं से सीख लेने और कभी हार न मानने का संदेश दिया।

अवनी के माता-पिता नगेंद्र कुमार गुप्ता और अलका गुप्ता, निवासी दयालबाग, ने कहा कि माता-पिता को बच्चों के सपनों पर विश्वास करना चाहिए और हर कदम पर उनका साथ देना चाहिए। परिवार का सहयोग मिलने से बच्चे बिना मानसिक दबाव के अपने करियर और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं। अवनी की बहन रिया और बहनोई प्रियरंजन ने भी उनकी सफलता पर गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में लायंस क्लब आगरा आधार के सचिव ब्रज पाराशर, ओमपाल जादौन, हिमांशु भटनागर, सोनम पाराशर, राहुल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

अवनी बनी ताजनगरी के लिए प्रेरणास्रोत

दयालबाग क्षेत्र के राहुल विहार निवासी अवनी गुप्ता की सफलता की कहानी संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल है। नर्सरी कक्षा में स्कूल के मंच पर पहली बार मिस ईवनिंग चुने जाने के साथ उनके मन में मंच का सपना जन्मा था। पढ़ाई और करियर की व्यस्तताओं में यह सपना कुछ समय के लिए पीछे रह गया, लेकिन कभी समाप्त नहीं हुआ।

आगरा से प्रारंभिक शिक्षा के बाद दिल्ली से उच्च शिक्षा प्राप्त कर अवनी ने एक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी में लगभग सवा वर्ष तक नौकरी की। इसके बावजूद मंच और सौंदर्य प्रतियोगिताओं का आकर्षण उन्हें फिर से अपनी ओर खींच लाया। दिल्ली में उन्होंने मिस यूनिवर्स के क्वालिफाइंग राउंड में भाग लिया और प्रथम रनर-अप रहीं, हालांकि निजी कारणों से प्रतियोगिता बीच में छोड़नी पड़ी।

इसके बाद मिस दीवा ब्यूटी क्वीन प्रतियोगिता में प्रतिभाग का अवसर मिलने पर अवनी ने पूरे मनोयोग से तैयारी की। महज 15 दिन की ट्रेनिंग और केवल छह महीने के मॉडलिंग अनुभव के साथ वह टॉप-250 प्रतिभागियों में चयनित हुईं।
इसके पश्चात 21 दिसंबर को मुंबई के लेमन ट्री होटल में आयोजित लाइव ग्रैंड फिनाले में टॉप-आठ फाइनलिस्ट्स के बीच अपने आत्मविश्वास, सशक्त अभिव्यक्ति और मंचीय संतुलन से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए उन्होंने “मिस दीवा सुपरनेशनल 2025” का खिताब अपने नाम किया।

अब अवनी की निगाहें जून माह में पोलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मिस दीवा ब्यूटी क्वीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां वह भारत और आगरा का प्रतिनिधित्व करेंगी।

SP_Singh AURGURU Editor