अज्ञात मृतकों की आत्मा की शांति के लिए यज्ञ और संगीतमय भजन संध्या से गूंजा मोक्षधाम

आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा आयोजित नवम अस्थि विसर्जन यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के अनोखे संगम के साथ हुई। विद्युत शवदाहगृह परिसर स्थित सत्संग हाल में बीते तीन वर्षों में सुरक्षित रखे गए 2526 अस्थि कलशों के समक्ष प्रातःकाल यज्ञ और संध्या समय संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया गया।

Aug 23, 2025 - 20:32
 0
अज्ञात मृतकों की आत्मा की शांति के लिए यज्ञ और संगीतमय भजन संध्या से गूंजा मोक्षधाम
  विद्युत शवदाह गृह परिसर में अज्ञात मृतकों की आत्मा की शांति के लिए हुए हवन में आहुतियां देते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं अन्य गणमान्य लोग।

हवन में दीं आहुतियां

गायत्री परिवार की ओर से विशेष हवन सम्पन्न हुआ। इस दौरान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, हाथरस की जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, मधु बघेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष उपमा गुप्ता, राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित, पार्षद शोभाराम राठौर ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर अज्ञात और असहाय मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

भजनों से गूंजा परिसर

सायंकाल नाई की मंडी सुन्दर कांड भक्त मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायक विनोद शर्मा, विकास अग्रवाल, पियूष शर्मा और सोनू ने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, हनुमानजी और देवी मां की भक्ति में डूबे भजनों की प्रस्तुति दी।

इस दौरान “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। भजनों की मधुर धुनों पर महिलाएं भक्ति भाव में झूम उठीं और वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया।

कल धर्मगुरु देंगे श्रद्धांजलि, पुलिस गारद देगी सलामी 

मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि रविवार, 24 अगस्त को अस्थि कलशों को मुक्ति रथ पर स्थापित किया जाएगा। शाम 4 बजे अस्थि कलशों को विभिन्न धर्मगुरुओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस दौरान पुलिस गारद द्वारा सलामी भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन, सुनील विकल, अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, विष्णु गर्ग, मुकेश अग्रवाल, संजय गुप्ता, मनोज शर्मा, हेल्प आगरा के किशन अग्रवाल, अशोक माहेश्वरी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor