आगरा में बेटे की मौत पर मां ने पुलिस पर लगाया लीपापोती का आरोप, कोर्ट ने शाहगंज थाने से मांगी रिपोर्ट

आगरा में युवक सोनू की गला दबाकर हत्या के मामले में उसकी मां मुन्नी देवी ने थाना शाहगंज पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है। IGRS पर गलत रिपोर्ट लगाने और बेटे को “सुरक्षित” बताने का भी दावा किया गया है। 18 फरवरी को न्यायालय ने थाना शाहगंज से मामले में रिपोर्ट तलब की है।

Feb 11, 2026 - 13:29
 0
आगरा में बेटे की मौत पर मां ने पुलिस पर लगाया लीपापोती का आरोप, कोर्ट ने शाहगंज थाने से मांगी रिपोर्ट
इमेज फोटो

आगरा। आगरा में युवक सोनू की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक की मां मुन्नी देवी ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है। न्यायालय ने 18 फरवरी को थाना शाहगंज से पूरे प्रकरण में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

परिजनों के अनुसार, ठेकेदार नीरज 27 नवंबर 2025 को सोनू को काम दिलाने के बहाने खेरिया मोड़ से अपने साथ ले गया था। उसी दिन से सोनू लापता हो गया। परिवार ने खोजबीन के बाद पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

30 नवंबर 2025 को सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिससे परिवार का शक और गहरा गया। मुन्नी देवी का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें ठेकेदार नीरज सहित अन्य लोग शामिल हैं।

मां ने न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र में थाना शाहगंज पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की और मामले को दबाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, परिवार को लगातार धमकियां दिए जाने का भी दावा किया गया है।

मुन्नी देवी ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत के जवाब में पुलिस ने भ्रामक रिपोर्ट लगाते हुए सोनू को “सुरक्षित” बताया था, जबकि बाद में उसकी मौत हो गई। इसे परिवार ने पुलिस की बड़ी लापरवाही करार दिया है।

शिकायत में तीन पुलिस कर्मियों के नाम भी दिए गए हैं, जिन पर कार्रवाई न करने और गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने 18 फरवरी को थाना शाहगंज से विस्तृत आख्या मांगी है। अब सभी की निगाहें अदालत की अगली सुनवाई और पुलिस रिपोर्ट पर टिकी हैं।