चेन्‍नई सुन शरमाई मृणाल ठाकुर, सिद्धांत चतुर्वेदी ने चिढ़ाया, फिर उड़ी धनुष संग डेटिंग की अफवाह

धनुष और मृणाल ठाकुर के बीच इश्‍क जैसा कुछ है या नहीं, इसको लेकर कोई पुष्‍ता जानकारी किसी के पास नहीं है। लेकिन द‍िलचस्‍प है कि गाहे-बगाहे इसको लेकर हर बार नए हिंट दिए जाते हैं। अब 'दो दीवाने सहर में' के प्रमोशन के दौरान 'चेन्‍नई' का ज‍िक्र हुआ, सिद्धांत चुतर्वेदी ने च‍िढ़ाया और मृणाल शरमा गईं।

Feb 5, 2026 - 20:38
 0
चेन्‍नई सुन शरमाई मृणाल ठाकुर, सिद्धांत चतुर्वेदी ने चिढ़ाया, फिर उड़ी धनुष संग डेटिंग की अफवाह

मुंबई। मृणाल ठाकुर और धनुष के बीच इश्‍क की अफवाहों को एक बार फिर हवा लगी है। बीते दिनों दोनों की शादी की अफवाहों ने भी खूब जोर पकड़ा था, लेकिन तब अलग-अलग रिपोर्ट्स में करीबियों के हवाले से दावा किया गया कि ऐसी खबरें फर्जी हैं। लेकिन अब एक बार फिर कुछ ऐसा हुआ है, जिसने फैंस को ख‍िलख‍िलाने का मौका दिया है। मृणाल ठाकुर इन दिनों सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ अपनी नई फिल्‍म 'दो दीवाने सहर में' के प्रमोशन में बिजी हैं। एक हालिया इवेंट में सिद्धांत ने मृणाल को उनके 'चेन्‍नई कनेक्‍शन' को लेकर चिढ़ाया। इस पर एक्‍ट्रेस दबी जुबान में शरमाने लगीं। उनका चेहरा गुलाबी पड़ गया। अब सोशल मीडिया पर सब कह रहे हैं कि हो ना हो, धनुष और मृणाल के बीच कुछ तो है!

धनुष और मृणाल की डेटिंग की चर्चा बीते साल अगस्त से ही चल रही है। खासकर 'सन ऑफ सरदार 2' के प्रीमियर पर दोनों जिस तरह एक-दूसरे से मिले, उसके बाद इन अफवाहों को खूब पंख लगे। हालांकि, ऐश्‍वर्या रजनीकांत से तलाकशुदा धनुष के एक करीबी सूत्र के हवाले से साफ किया गया कि एक्‍टर दूसरी शादी करने का इरादा बिल्‍कुल नहीं रखते हैं। यह भी कहा गया कि वह अपने दोनों बेटों की परवरिश पर ध्‍यान दे रहे हैं।

खैर, बुधवार को मृणाल और सिद्धांत अपनी आने वाली फिल्म 'दो दीवाने सहर में' के प्रमोशन के लिए निकले थे। इस प्रमोशनल इवेंट के दौरान, एक रिपोर्टर ने पूछा, 'वो चेन्नई वाले कुछ सवाल पूछ रहे थे आपसे?' इस पर सिद्धांत ने झट मृणाल की ओर इशारा करते हुए कहा, 'वो सवाल इनसे था, वो चेन्नई वाला या मुझसे था?' इस पर मृणाल ने तुरंत कहा कि सवाल उनके लिए था।

अब जैसे ही मृणाल ने यह जवाब दिया, सिद्धांत और वहां मौजूद रिपोर्टर्स हंसने लगे। उन्होंने चेन्नई के रेफरेंस पर मृणाल को चिढ़ाना जारी रखा। जबकि एक्‍ट्रेस मुस्कुराना और शरमाना बंद नहीं कर पाईं। इस पर रिपोर्टर ने कहा, 'हम समझ रहे हैं।'

तमिल फिल्‍मों के सुपरस्‍टार धनुष फिलहाल चेन्नई में रहते हैं। बीते दिनों जब मृणाल और सिद्धांत की फिल्म 'दो दीवाने सहर में' का टीजर रिलीज हुआ था, तब उस पर धनुष ने कमेंट किया था। उन्होंने सामान्‍य लहजे में लिखा था कि टीजर 'अच्छा लग रहा है।' इस पर मृणाल ने दिल और सूरजमुखी का इमोजी बनाया था। फैंस को यह भी इश्‍क की रवानगी लगी थी।

मृणाल और धनुष को लेकर बीते दिनों यह अफवाह उड़ी कि दोनों वैलेंटाइन डे के मौके पर 14 फरवरी 2026 को शादी करने वाले हैं। हालांकि, इसके बाद 'HT सिटी' की एक रिपोर्ट में एक्‍ट्रेस के करीबी के हवाले से बताया गया कि मृणाल अगले महीने शादी नहीं कर रही हैं। यह सिर्फ एक अफवाह है। इसमें कहा गया कि एक्‍ट्रेस अभी फरवरी में अपनी नई फिल्म पर फोकस कर रही हैं। साथ ही वह आगे एक तेलुगू फिल्म में भी बिजी हैं।

धनुष दो बड़े बेटों के पिता हैं। वह अपने पिता होने की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और दोबारा शादी करने में इंटरेस्टेड नहीं हैं। धनुष और ऐश्वर्या दोनों मिलकर यात्रा और लिंगा की को-पेरेंटिंग कर रहे हैं। उनका फोकस बच्चों को एक स्टेबल और प्यार भरा माहौल देने पर रहा है।

इसके बाद 'मनी कंट्रोल' ने भी धनुष के करीबी सूत्रों के हवाले से खबर दी कि एक्‍टर का दूसरी शादी को लेकर कोई प्‍लान नहीं है। उनके दोनों बेटे यात्रा और लिंगा बड़े हो रहे हैं। ऐसे में एक्‍टर का ध्‍यान उनकी परवरिश और अपने करियर पर है। यह भी बताया गया कि धनुष ऐसा कोई फैसला नहीं लेना चाहते हैं, जिससे उनके बेटों की जिंदगी में कोई बदलाव आए।

बहरहाल, इन सब के बीच रवि उदयावर के डायरेक्‍शन में बनी 'दो दीवाने सहर' में इसी महीने 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। जी स्टूडियोज, रैनकॉर्प मीडिया और भंसाली प्रोडक्शंस के बैनर तले संजय लीला भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भरत कुमार रंगा ने इसे प्रोड्यूसर किया है। सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर इस मॉर्डन लव स्‍टोरी में लीड रोल में हैं। जबकि उनके साथ ईला अरुण, जॉय सेनगुप्ता और आयशा रजा भी अहम किरदारों में हैं।