घुटनों पर आई मुनीर आर्मी! पाक की गुहार पर तालिबान ने किया सीजफायर का ऐलान
काबुल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी झड़प अब रुक गई है। अफगानिस्तान के तालिबान शासन का कहना है कि पाकिस्तान की मांग और जोर देने पर अफगानिस्तान ने दोनों देशों के बीच 48 घंटे के लिए अस्थायी सीजफायर लागू करने का ऐलान किया। यह कदम सीमा पर पिछले एक हफ्ते से जारी झड़पों और दोनों पक्षों में दर्जनों मौतों के बाद उठाया गया। इन घटनाओं ने पहले से ही दोनों देशों के नाजुक संबंधों को और तनावपूर्ण बना दिया।
अफगानिस्तान शासन के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक्स पर लिखा कि पाकिस्तान के निवेदन पर अफगानिस्तान ने सीजफायर का ऐलान किया। बताया जा रहा है कि सीजफायर भारतीय समयानुसार शाम साढ़े 6 बजे से लागू होगा। सभी अफगान सुरक्षा बलों को निर्देश दिया गया है कि सीजफायर लागू होने के दौरान कोई भी हमला या सीमा उल्लंघन न किया जाए।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बताया कि यह युद्धविराम दोनों पक्षों की आपसी सहमति से और अफगान तालिबान सरकार के अनुरोध पर तय किया गया। मंत्रालय ने कहा कि इस अवधि के दौरान दोनों पक्ष बातचीत के जरिए जटिल लेकिन हल करने लायक मुद्दों का सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
यह घोषणा उस समय हुई जब पाकिस्तान ने कंधार और काबुल में तालिबान के अहम ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के अनुसार, ये हमले अफगान क्षेत्र से हुए हमलों के जवाब में किए गए, जिनमें 23 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 29 घायल हुए।
पीटीवी न्यूज के अनुसार, पाकिस्तान सेना ने कंधार में तालिबान के बैटालियन मुख्यालय नंबर 4 और 8 और सीमा ब्रिगेड नंबर 5 और 6 को तबाह कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया कि “इन सभी लक्ष्यों को सावधानी से चुना गया, नागरिकों से दूर रखा गया और सफलतापूर्वक टारगेट हिट किए गए।” बाद में इन हमलों की काबुल ने भी पुष्टि की।
पाकिस्तान की यह कार्रवाई सीमा पर पिछले सप्ताह के अंत से लगातार झड़पों के बीच हुई। इंटर सर्विसेज के अनुसार, तालिबान ने स्पिन बोल्डक इलाके में बुधवार को चार जगहों पर हमले किए, जिन्हें पाकिस्तान की सेना ने रोक दिया। इस दौरान लगभग 15–20 हमलावर मारे गए।
अफगान पक्ष ने इन हमलों को ‘प्रतिशोधात्मक’ बताया और पाकिस्तान पर अपने क्षेत्र में हवाई हमले करने का आरोप लगाया। पाकिस्तान बार-बार यह आरोप लगाता रहा है कि आतंकवादी समूह अफगानिस्तान का इस्तेमाल पाकिस्तान में हमले करने के लिए करते हैं, लेकिन काबुल इन आरोपों को खारिज करता है। काबुल ने कहा कि उनका क्षेत्र इस तरह के कामों के लिए इस्तेमाल नहीं हो रहा।