2003 के बाद आगरा में फिर गूंजेगी मुरारी बापू की अमृतवाणी, 15 सितंबर से नौ दिवसीय रामकथा

आगरा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रामकथावाचक संत मुरारी बापू लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर आगरा की धरती पर श्रीराम की कथा सुनाएंगे। फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में 15 से 23 सितंबर तक नौ दिवसीय रामकथा का आयोजन होगा। हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए करीब 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन की घोषणा रविवार को हरीपर्वत, दिल्ली गेट स्थित चोखो जीमन रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में की गई।

Aug 23, 2026 - 13:38
 0
2003 के बाद आगरा में फिर गूंजेगी मुरारी बापू की अमृतवाणी, 15 सितंबर से नौ दिवसीय रामकथा
करूणानिधान परिवार की ओर से आयोजित होने जा रही संत मुरारी बापू की श्रीराम कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते ललित गुप्ता, सतीश कुमार शाह, मनीष मित्तल, मनोज त्रिपाठी, अंशुल गुप्ता, कार्तिक गुप्ता, देवेश शाह, संजीव जैन, राकेश गुप्ता, विजय सिंह, अमित पोद्दार आदि।

उद्घोषणा समारोह का शुभारंभ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। आयोजन से जुड़े ललित गुप्ता और सतीश कुमार शाह ने बताया कि 15 सितंबर को शाम 4 बजे मुरारी बापू आगरा पहुंचकर रामकथा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 16 से 23 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से कथा होगी।

आयोजकों ने बताया कि मुरारी बापू की रामकथा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रीराम के चरित्र के माध्यम से प्रेम, करुणा, सत्य, सेवा, त्याग, मर्यादा और मानवीय मूल्यों का संदेश देती है। कथा के माध्यम से परिवार, समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा भी मिलती है।

2003 के बाद आगरा आ रहे मुरारी बापू

अंशुल गुप्ता और कार्तिक गुप्ता ने बताया कि मुरारी बापू इससे पहले वर्ष 2003 में आगरा आए थे। इसके बाद से ही श्रद्धालु उनकी रामकथा के लिए प्रतीक्षा कर रहे थे। दो दशक से अधिक समय बाद उनके आगमन को लेकर रामभक्तों में विशेष उत्साह है।

मनीष मित्तल और मनोज त्रिपाठी ने बताया कि कथा स्थल पर 2 सितंबर को सुबह 8:30 बजे भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद आयोजन स्थल को भव्य स्वरूप देने का काम तेज किया जाएगा।

32 बाई 40 फीट का मंच, विराजेंगे हनुमान जी

देवेश शाह और संजीव जैन ने बताया कि कथा स्थल पर 32 बाई 40 फीट का भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। इसी मंच पर व्यास पीठ बनाई जाएगी, जहां हनुमान जी का भव्य स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आगरा के अलावा विभिन्न स्थानों और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन समिति ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक शांति और आत्मिक संतोष की जरूरत बढ़ी है। ऐसे में रामकथा श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने, कर्तव्य निभाने और प्रेम-सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देगी। समिति ने सभी रामभक्तों से नौ दिवसीय कथा में शामिल होने का आह्वान किया।

उद्घोषणा समारोह में ललित गुप्ता, सतीश कुमार शाह, मनीष मित्तल, मनोज त्रिपाठी, अंशुल गुप्ता, कार्तिक गुप्ता, देवेश शाह, दिव्या गुप्ता, रीटा शाह, संजीव जैन, राकेश गुप्ता, विजय सिंह, अमित पोद्दार, लता गुप्ता, निराली शाह, सीताराम अग्रवाल, रैलेश अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor