आगरा में नगला रामबल का खत्ताघर बनेगा स्मृति पार्क, नेशनल चैम्बर निरंतर कर रहा था पहल
आगरा। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार नगला रामबल खत्ताघर अब सौंदर्यीकरण की राह पर है। चैम्बर के लगातार प्रयासों के बाद नगर आयुक्त के आदेश पर यहां कार्य प्रारंभ हो गया है। अब यहां स्मृति पार्क बनेगा। यह पहल शहर के पर्यावरण में भी बड़ा सुधार लाएगी।
चैम्बर सभागार में अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस बात पर संतोष और खुशी जताई गई कि नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा नगला रामबल खत्ताघर के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। चैम्बर पदाधिकारियों ने इसे अपनी सतत पहल और दबाव का परिणाम बताते हुए नगर आयुक्त को धन्यवाद प्रेषित किया।
खत्ताघर बना था समस्या का टीला, अब बनेगा पहचान
बैठक में बताया गया कि नगला रामबल स्थित खत्ताघर वर्षों से उपेक्षित पड़ा था और धीरे-धीरे एक विशाल टीले का रूप ले चुका था। यह क्षेत्र न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से नुकसानदेह बन गया था, बल्कि आसपास के नागरिकों के लिए भी परेशानी का कारण था। चैम्बर ने इसे सुधारने के लिए लगातार प्रशासन को पत्राचार और सुझाव दिए।
नमक सत्याग्रह की ऐतिहासिक भूमि को मिलेगा सम्मान
अध्यक्ष संजय गोयल और पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ के चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल ने बताया कि यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां महात्मा गांधी के आह्वान पर शहरवासियों ने नमक सत्याग्रह आंदोलन के तहत नमक बनाया था। इसी गौरवशाली इतिहास को संजोने के लिए चैम्बर ने इसे ‘नमक सत्याग्रह स्मृति पार्क’ के रूप में विकसित करने की मुहिम शुरू की थी।
चैम्बर द्वारा इस स्थल के विकास के लिए टू स्टेज सबमर्सिबल पम्प लगाने और टीले तक पहुंच के लिए रैम्प निर्माण का प्रस्ताव नगर आयुक्त और मुख्य सचिव को भेजा गया था। लगातार फॉलोअप के बाद नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
पर्यावरण सुधार के साथ शहर को मिलेगा नया स्थल
चैम्बर पदाधिकारियों का मानना है कि खत्ताघर के सौंदर्यीकरण से जहां एक ओर ऐतिहासिक धरोहर को नया रूप मिलेगा, वहीं दूसरी ओर शहर के पर्यावरण में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। यह स्थान भविष्य में नागरिकों के लिए एक उपयोगी और प्रेरणादायक स्थल बन सकेगा।
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ के मेंटोर एवं पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता, चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल, उपाध्यक्ष संजय कुमार गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
Bottom of Form