नरेंद्र तनेजा कैट आगरा के चेयरमैन बनाए गए, कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत
आगरा। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की उत्तर प्रदेश इकाई ने आगरा संगठन में नई जिम्मेदारियां देते हुए वरिष्ठ व्यापारी एवं समाजसेवी नरेंद्र तनेजा को आगरा इकाई का चेयरमैन और युवा व्यापारी कुलदीप सिंह कोहली को संयुक्त महासचिव मनोनीत किया है। यह मनोनयन कैट के राष्ट्रीय महासचिव एवं चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल की संस्तुति पर उत्तर प्रदेश के सह संयोजक एवं कैट आगरा इकाई के जिलाध्यक्ष रोहित कत्याल ने किया।
बल्केश्वर निवासी नरेंद्र तनेजा लंबे समय से व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हैं। वहीं निर्भय नगर निवासी युवा व्यापारी कुलदीप सिंह कोहली को संगठन में संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई गई है।
कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव पंकज अरोड़ा और प्रदेश संयोजक राहुल गुप्ता ने नरेंद्र तनेजा और कुलदीप सिंह कोहली को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
नई जिम्मेदारियों के साथ आगरा इकाई के संगठनात्मक विस्तार, व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और व्यापारिक हितों से जुड़े अभियानों को गति देने की उम्मीद जताई गई है।