नेशनल चैंबर का हेल्थ कैंपः 40 की उम्र के बाद हार्ट स्क्रीनिंग जरूरी, रोज 10 हजार कदम चलें; विशेषज्ञों ने तैराकी को बताया बेहतर व्यायाम
आगरा। बदलती जीवनशैली के बीच हार्ट और घुटनों की बढ़ती समस्याओं को लेकर विशेषज्ञों ने लोगों को समय रहते जांच और नियमित व्यायाम की सलाह दी है। नेशनल चैम्बर की ओर से पार्क केपीआईएमएस हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित फ्री हेल्थ चेकअप कैंप में करीब 80-90 सदस्यों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। विशेषज्ञों ने कहा कि आगरा में हार्ट और घुटनों से जुड़ी समस्याएं बड़ी संख्या में सामने आ रही हैं, ऐसे में नियमित जांच और जीवनशैली में सुधार जरूरी है।
यह शिविर पार्क केपीआईएमएस हॉस्पिटल, सेंट जोंस कॉलेज के पास, बाग मुजफ्फरखां रोड पर हुआ। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में हुए शिविर में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
40-45 की उम्र में हार्ट स्क्रीनिंग जरूरी
नी एक्सपर्ट डॉ. भल्ला ने कहा कि 40 से 45 वर्ष की उम्र के लोगों को हार्ट स्क्रीनिंग अवश्य करानी चाहिए। इस उम्र में हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते जांच कराना जरूरी है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को कई उपयोगी सुझाव भी दिए।
उन्होंने नियमित शारीरिक गतिविधि पर जोर देते हुए प्रतिदिन 10 हजार कदम चलने की सलाह दी। उनके अनुसार नियमित वॉक और सक्रिय जीवनशैली स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
तैराकी बेहतर व्यायाम, बैडमिंटन को लेकर दी सलाह
एमएस (आर्थो) डॉ. भानु प्रताप सालूजा ने कहा कि हार्ट और पैरों का स्वास्थ्य आपस में गहराई से जुड़ा है। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित आहार को जरूरी बताया। डॉ. सालूजा ने कहा कि बैडमिंटन बहुत अच्छी एक्सरसाइज नहीं है, जबकि तैराकी को उन्होंने बेहतर व्यायाम बताया।
उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य जांच से डरने के बजाय समय-समय पर आवश्यक टेस्ट कराने की सलाह दी। डॉ. सालूजा के अनुसार आगरा में हार्ट और घुटनों से जुड़ी समस्याएं अधिक देखने को मिल रही हैं। ऐसे में समय रहते जांच और उचित उपचार जरूरी है।
संतुलित आहार पर जोर
विशेषज्ञों ने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम के साथ खानपान पर नियंत्रण रखना भी जरूरी है। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना चाहिए।
केपीआईएमएस हॉस्पिटल, आगरा के डिप्टी सीईओ रोहिताश सीके चौबे ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। अस्पताल की ओर से नेशनल चैम्बर के सदस्यों को इलाज में छूट देने के लिए प्रिविलेज कार्ड भी वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने समापन अवसर पर कैंप को सफल बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि घुटनों के ऑपरेशन की जरूरत वाले मरीजों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच भी ऐसे कैंपों की उपयोगिता को दर्शाती है। कैंप का संचालन चैम्बर उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग ने किया जबकि व्यवस्थाएं कोआर्डिनेटर भीष्म लालवानी ने संभालीं।
चिकित्सकों और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
केपीआईएमएस हॉस्पिटल की ओर से डिप्टी सीईओ रोहिताश सीके चौबे, एचओडी रहीशवानी, डॉ. भानु प्रताप सालूजा, एमएस (आर्थो), फिजीशियन जनरल डॉ. रवि कुमार जैन, डॉ. विश्वा दीपक, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञादेव, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. फरह जावेद, डॉ. नीरज जयंत, डॉ. सुदेश मलानी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता नागर, डाइटिशियन शिवांगी तेलांग, अम्बानी गर्ग, संदीप मित्तल, ओपीडी मैनेजर अमन चौधरी, अनुभा मित्तल, शेखर चौहान, सीनियर मैनेजर सरिका चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।
नेशनल चैम्बर की ओर से अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, सदस्य अपूर्व मित्तल, प्रशांत जैन, संजय अरोरा, अनूप मित्तल, रीतेश गुप्ता, रितु गर्ग आदि उपस्थित रहे।