आगरा में राष्ट्रीय रिमफायर और एयर राइफल बेंचरेस्ट शूटिंग चैंपियनशिप 2025 का शानदार आग़ाज़
आगरा। ताज की नगरी इन दिनों एक नए जोश और लक्ष्य साधना की ऊर्जा से सराबोर है। शुक्रवार को ताज रोड स्थित 2 यूपी बटालियन एनसीसी परिसर में रिमफायर एंड एयर राइफल्स बेंचरेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (RABSAI) द्वारा आयोजित नेशनल रिमफायर एंड एयर राइफल बेंचरेस्ट शूटिंग चैंपियनशिप 2025 का उद्घोष हो गया है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर एनएस चारग ने मर्मस्थल पर निशाना साधकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और केक काटकर उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता की आधिकारिक टी-शर्ट का भी विमोचन किया।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के 130 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से 35 एनसीसी कैडेट्स विशेष रूप से आगरा से हैं। प्रतिभागी उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब और उत्तराखंड से आए हैं। आयोजन तीन दिनों तक चलेगा।
ब्रिगेडियर एनएस चारग ने कहा- बेंचरेस्ट शूटिंग जैसे खेलों से युवा पीढ़ी में अनुशासन, धैर्य और मानसिक संतुलन विकसित होता है। यह भारत की प्रतिभाओं को निखारने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
आरएबएसएआई के अध्यक्ष रजत विज ने बताया कि बेंचरेस्ट शूटिंग एक अत्यंत सटीकता और मानसिक मजबूती का खेल है, जो देश में तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है। संस्था का उद्देश्य भारत को इस खेल में वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना है।
महासचिव हिना विज ने बताया कि पहले दिन प्रतिभागियों ने अपने राउंड पूरे किए जिसमें 250 पॉइंट्स के लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा गया। शनिवार को 250 और 500 पॉइंट्स के राउंड होंगे जबकि रविवार को जूनियर व सीनियर वर्ग में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन होगा।
प्रतियोगिता में टेक्निकल सपोर्ट दे रही ट्रेजैक्ट्रॉन एयर राइफल कंपनी के विशेषज्ञ जेनुअल और हर्षद ने खिलाड़ियों को बेंचरेस्ट राइफल्स की तकनीकी बारीकियों और संचालन प्रणाली से अवगत कराया। आधुनिक उपकरणों के साथ भारतीय तकनीकी क्षमताओं पर भी रोशनी डाली गई।
कार्यक्रम में कर्नल पीके मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल मेघना रॉबर्ट, आयुष गर्ग, राजकुमार गर्ग, सिद्धार्थ सिंह, मधुकर यादव, अंकुर मिस्त्री और राहुल गर्ग सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।