भारत दौरे से पहले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ब्रेसवेल का संन्यास
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डग ब्रेसवेल ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उनके भाई माइकल ब्रेसवेल भारत दौरे पर न्यूजीलैंड की कप्तानी कर रहे हैं। डग ने विराट कोहली को आउट करके आईपीएल में अपने विकेट का खाता खोला था।
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डग ब्रेसवेल ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। 35 साल के ब्रेसवेल ने अपने करियर के दौरान 2011 से 2023 तक 28 टेस्ट, 21 वनडे और 20 टी20 मैच खेले। ब्रेसवेल ने कुल 74 टेस्ट विकेट लेकर रिटायरमेंट लिया है। अपने तीसरे ही टेस्ट मैच में उन्होंने होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराने में न्यूजीलैंड की मदद की थी, जिसमें उन्होंने मैन ऑफ द मैच परफॉर्मेंस देते हुए रोमांचक आखिरी पारी में 6 विकेट लेकर सात रन से जीत दिलाई थी। डग न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल के कजिन हैं। वह अभी भारत दौरे पर वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे।
ब्रेसवेल ने न्यूजीलैंड के लिए व्हाइट-बॉल मैचों में भी 46 विकेट लिए। उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच 2023 में वेलिंगटन में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच था, लेकिन हाल ही में पसली में चोट लगने के कारण ब्रेसवेल को न्यूजीलैंड की घरेलू टीम सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के साथ अपना करियर खत्म करना पड़ा।
ब्रेसवेल ने बयान में कहा, 'यह मेरी जिंदगी का एक गौरवपूर्ण हिस्सा रहा है। एक युवा क्रिकेटर के तौर पर मैं हमेशा से यही चाहता था। मैं क्रिकेट के जरिए मिले मौकों और अपने देश के लिए खेलने के मौके के लिए हमेशा आभारी रहूंगा। साथ ही, अपने पूरे घरेलू करियर में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के लिए खेलने के मौके के लिए भी। मैं इस मौके पर उन सभी टीम के साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिनके साथ मैं खेला हूं। मैं उन कोच और मैनेजमेंट को भी धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस सफर में मेरे साथ रहे और मेरे लिए कुछ किए। फर्स्ट-क्लास और इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना एक सौभाग्य की बात है। मैं शुक्रगुजार हूं कि मैंने इतने लंबे समय तक यह खेल का आनंद लिया।'
ब्रेसवेल न्यूजीलैंड क्रिकेट के उन कुछ मॉडर्न ऑलराउंडरों में से एक के तौर पर रिटायर हुए हैं जिन्होंने 4 हजार रन और 400 करियर विकेट का एलीट फर्स्ट-क्लास डबल हासिल किया है। इनमें से 3,029 रन और 258 विकेट सेंट्रल के लिए थे, जो टीम के इतिहास का सबसे अच्छा ऑलराउंड रिकॉर्ड है।
डग ब्रेसवेल आईपीएल में दिल्ली की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 2012 सीजन में आरसीबी के खिलाफ उन्होंने अपना डेब्यू किया था। उस मैच में ब्रेसवेल ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए थे। विराट कोहली को आउट करके उन्होंने अपना पहला विकेट लिया था। हालांकि इसके बाद उन्हें आईपीएल में कभी खेलने का मौका नहीं मिल पाया।