यूपी में अब एक जनपद, तीन उत्पाद: मंत्री राकेश सचान ने दिया नया विज़न
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना को विस्तार देने जा रही है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) मंत्री राकेश सचान ने शनिवार को बरेली सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान घोषणा की कि अब राज्य में ‘एक जनपद तीन उत्पाद’ (ओडीटीपी) की अवधारणा पर काम किया जाएगा। इससे हर जिले में विविध औद्योगिक अवसरों को बल मिलेगा।
सितंबर में इंडस्ट्रियल मीट, नए निवेशकों से होंगे एमओयू
मंत्री ने बताया कि सितंबर 2025 में इंडस्ट्रियल मीट का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें नए निवेशकों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे और पाइपलाइन में मौजूद निवेश प्रस्तावों की बाधाओं का समाधान कराया जाएगा।
युवा उद्यमियों को बढ़ावा, बंद इकाइयों पर कार्रवाई
बैठक में मंत्री सचान ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बरेली मंडल को 7800 लक्ष्यों का आवंटन बताया और निर्देश दिए कि 35% स्वीकृति जून 2025 तक पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन औद्योगिक आस्थानों में इकाइयाँ वर्षों से बंद हैं, उन्हें नोटिस देकर निरस्त किया जाएगा और नए उद्यमियों को मौके दिए जाएंगे।
नए उत्पाद, नई पहचान
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक जनपद के विशेष औद्योगिक उत्पादों की सूची तैयार कर शासन को भेजी जाए ताकि उन्हें ओडीओपी फंडिंग और प्रचार-प्रसार में शामिल किया जा सके। एक जनपद तीन उत्पाद योजना से स्थानीय विविधता, रोजगार सृजन और निर्यात क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में बरेली के उपायुक्त उद्योग विकास यादव, पीलीभीत के संजय कुमार, शाहजहांपुर के अनुराग यादव और बदायूं के अशोक कुमार उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।