आगरा में मौत बनकर दौड़ा बेकाबू ट्रेलर,सड़क किनारे सो रहे घुमंतू परिवार को रौंदा, मासूम की मौत
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में बाह रोड बाईपास पर रविवार देर रात तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे सो रहे घुमंतू समाज के लोगों को कुचल दिया। हादसे में 11 वर्षीय मासूम सेनूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेलर लोगों को रौंदने के बाद विद्युत पोल से टकराकर रेत के ढेर में जा घुसा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रेलर कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा। जिले के फतेहाबाद क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बाह रोड बाईपास पर तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रेलर सड़क किनारे गहरी नींद में सो रहे घुमंतू समाज के परिवार पर मौत बनकर टूट पड़ा। हादसे में 11 वर्षीय मासूम सेनूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात की खामोशी कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार में बदल गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे घुमंतू समाज के लोग अपनी मोटरसाइकिल की टिर्री के सहारे सड़क किनारे एक दुकान के सामने सो रहे थे। उसी दौरान आगरा से बाह की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सीधे सड़क किनारे सो रहे लोगों पर चढ़ गया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों को रौंदने के बाद भी ट्रेलर नहीं रुका। वह आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराया और फिर रेत के ढेर में घुसकर रुका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे और वाहन के नीचे से निकालकर तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।
आगरा में इलाज के दौरान 11 वर्षीय सेनूर पुत्र निवासी बाबरपुर अजीतमल, जनपद इटावा ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर और चालक को कब्जे में लेकर हिरासत में ले लिया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को सामने लाता है। सड़क किनारे सो रहे बेबस परिवार पर टूटा यह कहर पूरे इलाके को गमगीन कर गया।