आगरा में नौ अगस्त को 450 से अधिक शिक्षक होंगे सम्मानित, अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी और पुस्तकों के लोकार्पण से सजेगा आयोजन

आगरा। भारतीय संस्कृति में गुरु को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का आधार माना गया है। इसी भावना को साकार करते हुए आगरा पहली बार प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह और अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का साक्षी बनने जा रहा है। तारक सेवा संस्था, वाराणसी एवं बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित 450 से अधिक उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और संस्कृति पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के साथ एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

Aug 7, 2026 - 20:11
 0
आगरा में नौ अगस्त को 450 से अधिक शिक्षक होंगे सम्मानित, अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी और पुस्तकों के लोकार्पण से सजेगा आयोजन
ललित कला संस्थान, आगरा में 9 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते तारक सेवा संस्था के अध्यक्ष प्रो. उमापति दीक्षित। साथ में प्रो. लवकुश मिश्रा, प्रो. हरिवंश पांडे, हेमंत द्विवेदी एवं डॉ. भोजराज शर्मा।

इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों के तहत शुक्रवार को ललित कला संस्थान, आगरा में समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े विद्वानों और आयोजकों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए इसे शिक्षा और भारतीय संस्कृति के सम्मान का उत्सव बताया।

तारक सेवा संस्था के अध्यक्ष प्रो. उमापति दीक्षित ने बताया कि बेसिक एजुकेशन मूवमेंट ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा पिछले 27 वर्षों से लगातार इस प्रतिष्ठित शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन कर रहे हैं। इस वर्ष इसका 28वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है और पहली बार आगरा को इसकी मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि यह समारोह 9 अगस्त (रविवार) प्रातः 11 बजे जेपी सभागार, खंदारी परिसर, आगरा में आयोजित होगा। इससे पूर्व यह कार्यक्रम कई बार राजभवन, लखनऊ में भी आयोजित किया जा चुका है।

इस अवसर पर प्रो. लवकुश मिश्रा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व और सफलता की वास्तविक नींव बेसिक शिक्षा से पड़ती है। प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक ही बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का पहला पाठ पढ़ाता है। समारोह में केवल बेसिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि माध्यमिक विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर के उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के दौरान साहित्य एवं संस्कृति विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें देश और विदेश के विद्वान भारतीय ज्ञान परंपरा, साहित्य, संस्कृति और शिक्षा के बदलते स्वरूप पर अपने विचार रखेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विषयों पर लिखी गई एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में प्रो. हरिवंश पांडे, हेमंत द्विवेदी तथा डॉ. भोजराज शर्मा सहित अनेक शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor