मालेगांव केस में निर्दोष साबित हुए राष्ट्रभक्त, सोनिया गांधी और कांग्रेस देश से माफी मांगें- विधायक खंडेलवाल
आगरा। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने मालेगांव बम विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा भारती सहित सात राष्ट्रभक्तों को 17 वर्षों बाद न्यायालय द्वारा निर्दोष घोषित किए जाने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले को न्याय और सत्य की विजय बताते हुए कहा- सत्यमेव जयते।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि जिन लोगों ने 'भगवा आतंकवाद' जैसा शब्द गढ़ा, वे सनातन विरोधी मानसिकता से ग्रस्त हैं। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस-सपा और पाकिस्तान की सोच में कोई अंतर नहीं बचा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठबंधन ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन महादेव, धारा 370 की समाप्ति, सनातन परंपरा और राष्ट्रवादी विचारों का विरोध करता रहा है।
सोनिया और राहुल से सार्वजनिक माफी की मांग
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूरी पार्टी को मालेगांव केस के निर्दोष आरोपियों से क्षमा मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, 17 वर्षों तक जिन निर्दोषों की मानसिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रताड़ना हुई, उसके लिए कांग्रेस को राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।
साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी से भी इस न्यायिक फैसले पर अपनी स्पष्ट राय रखने की मांग की।
श्री खंडेलवाल ने कहा, यह सिर्फ सात लोगों की नहीं, पूरे सनातन राष्ट्र की विजय है। देश को ‘भगवा’ से जोड़कर आतंक के साथ खड़ा करने वाले अब इतिहास के कठघरे में खड़े हैं।
बेकसूरों के जीवन के 17 साल बर्बाद करने की जिम्मेदार कांग्रेस को देश माफ नहीं करेगा- राजकुमार गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि मालेगांव विस्फोट मामले में सातों आरोपियों को निर्दोष सिद्ध करते हुए बरी कर देना न्याय की बहुत बड़ी जीत है। यह निर्णय कांग्रेस के भारत विरोधी, न्याय विरोधी और सनातन विरोधी चरित्र को पुनः उजागर करता है, जिसने 'भगवा आतंकवाद' जैसा मिथ्या शब्द गढ़कर करोड़ों सनातन आस्थावानों, साधु-संतों और राष्ट्रसेवकों की छवि को कलंकित करने का अपराध किया है।
कांग्रेस के जिस आला कमान नेताओं ने भगवा आतंकी शब्द दिया था, उन्हें 100 करोड़ हिन्दुओं को जवाब देना चाहिए कि किस आधार पर उन्होंने भगवा आतंकवाद कहना शुरू कर दिया था। कांग्रेस को इस कृत्य के लिए देश वासियों से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।