जिस पर था सबसे ज्यादा भरोसा, वही निकला चोर, कारीगर ही निकला मास्टरमाइंड, न्यू आगरा पुलिस का खुलासा

आगरा। चांदी व्यापार में भरोसा सबसे बड़ी पूंजी होती है, लेकिन इसी भरोसे को तोड़ते हुए एक कारीगर ने अपने ही मालिक को लाखों का चूना लगा दिया। चार किलो चांदी चोरी के सनसनीखेज मामले में थाना न्यू आगरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 किलो 963 ग्राम चांदी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद कर ली है।

Dec 17, 2025 - 14:16
 0
जिस पर था सबसे ज्यादा भरोसा, वही निकला चोर, कारीगर ही निकला मास्टरमाइंड, न्यू आगरा पुलिस का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसीपी ।

आगरा। चांदी व्यापार में भरोसा सबसे बड़ी  पूंजी होती  है, लेकिन इसी भरोसे को तोड़ते हुए एक कारीगर ने अपने ही मालिक को लाखों का चूना लगा दिया। चार किलो चांदी चोरी के सनसनीखेज मामले में थाना न्यू आगरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 किलो 963 ग्राम चांदी और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद कर ली है।

एसीपी अक्षय महादिक के अनुसार 15 दिसंबर 2025 को थाना न्यू आगरा में सूचना प्राप्त हुई कि दयालबाग रोड पर खड़ी एक स्कूटी चोरी हो गई है, जिसमें करीब चार किलो चांदी रखी थी। सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने जब गहराई से पड़ताल की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। 

व्यापारी का भरोसेमंद कारीगर सोनू ही इस पूरी वारदात का सूत्रधार निकला। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक सुनियोजित गिरोह बनाया और स्कूटी चोरी की झूठी कहानी रच डाली। पुलिस जांच में साफ हुआ कि स्कूटी चोरी की बात केवल दिखावा थी। कारीगर सोनू ने चांदी को चोरी का रूप देकर अपने साथियों में बांट लिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। बरामदगी के दौरान लगभग पूरी चांदी और स्कूटी पुलिस के हाथ लग गई।

पुलिस ने इस मामले में सोनू कुशवाहा पुत्र पप्पू उर्फ पप्पी, निवासी नगला पदी, दयालबाग, रवि कुमार उर्फ गोलू पुत्र पूर्ण चंद्र, निवासी प्रकाश नगर और राजेश शर्मा पुत्र श्रीकृष्ण, निवासी प्रकाश नगर, आगरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह ने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।