मानवता को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर ने झकझोर दिया, कूड़े के ढेर पर मिली नवजात बच्ची
आगरा। आगरा के रुनकता गांव से बुधवार शाम करीब 5 बजे एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने हर संवेदनशील इंसान का दिल दहला दिया। गांव की शिव वाटिका के पीछे स्थित डंपिंग एरिया के पास कूड़े के ढेर में एक अज्ञात नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
रुनकता गांव के डंपिंग एरिया में मिली मासूम की देह,
पुलिस जांच में जुटी, समाज की संवेदनाओं पर खड़े हुए सवाल
आगरा। आगरा के रुनकता गांव से बुधवार शाम करीब 5 बजे एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने हर संवेदनशील इंसान का दिल दहला दिया। गांव की शिव वाटिका के पीछे स्थित डंपिंग एरिया के पास कूड़े के ढेर में एक अज्ञात नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने जब कचरे के ढेर के पास पड़ी उस नन्ही देह को देखा, तो किसी की आंखों में आंसू थे, तो किसी के चेहरे पर गुस्सा और बेबसी। तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ठंडे कचरे के ढेर पर पड़ी वह मासूम देह कई सवाल छोड़ गई।
क्या बच्ची जन्म के साथ ही मृत थी? या फिर सामाजिक डर, लोकलाज और बेटियों के प्रति सोच ने किसी को इतना निर्दयी बना दिया कि उसने एक नवजात को मरने के लिए छोड़ दिया?
पुलिस के अनुसार बच्ची नवजात अवस्था में ही पाई गई है। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अमानवीय कृत्य के पीछे कौन है। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
यह घटना केवल एक कानून व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि हमारे समाज की सोच पर लगा गहरा धब्बा है। जिस देश में बेटियों को देवी का स्वरूप माना जाता है, वहीं एक मासूम बच्ची को कूड़े में फेंक दिया जाना इंसानियत को झकझोर देने वाला दृश्य है।
गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग स्तब्ध हैं और यही सवाल कर रहे हैं कि अगर एक नवजात को जीने का हक भी नहीं दिया जा सकता, तो हम किस दिशा में जा रहे हैं?
इस मासूम का कसूर शायद सिर्फ इतना था कि वह एक बेटी थी…उसकी नन्ही सी जिंदगी ने समाज को आईना दिखा दिया है। अब देखना यह है कि क्या हम इस आईने में अपनी सूरत पहचान पाते हैं या नहीं।
-रुनकता से सौरभ सिंह की रिपोर्ट