गिरिराज जी की तलहटी में गूंजा स्वच्छता का संकल्प, श्रद्धालुओं के साथ स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान; ब्रज को स्वच्छ बनाने का दिया संदेश

गोवर्धन। गिरिराज जी की पवित्र तलहटी और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ रखने के संकल्प के साथ रविवार को ब्रज वैभव अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” संदेश के साथ ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, स्थानीय निकाय और हार्टफुलनेस के स्वयंसेवकों ने गिरिराज जी की तलहटी और परिक्रमा मार्ग में श्रमदान कर कूड़ा-कचरा व प्लास्टिक हटाया। एकादशी पर परिक्रमा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ब्रज की पवित्रता बनाए रखने की अपील की गई।

Aug 9, 2026 - 20:55
Aug 9, 2026 - 20:57
 0
गिरिराज जी की तलहटी में गूंजा स्वच्छता का संकल्प, श्रद्धालुओं के साथ स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान; ब्रज को स्वच्छ बनाने का दिया संदेश
हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है, अभियान के अंतर्गत रविवार को गिरिराज की तलहटी में स्वच्छता अभियान चलाते स्वयंसेवक।

ध्यान से शुरू हुआ सेवा का अभियान

अभियान का शुभारंभ एसडीएम गोवर्धन सुशील सिंह ने किया। इससे पहले गिरिराज जी की तलहटी में विशाल वृक्ष के सान्निध्य में सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने ध्यान के बाद श्रमदान अभियान में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार ध्यान सत्र से स्वयंसेवकों में सेवा के प्रति ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ।

इसके बाद स्वयंसेवकों ने परिक्रमा मार्ग और गिरिराज जी की तलहटी में सफाई अभियान चलाया। जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक हटाया गया।

श्रद्धालुओं से प्लास्टिक न फेंकने की अपील

एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन की परिक्रमा कर रहे थे। स्वयंसेवकों ने परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि गिरिराज जी की पावन भूमि पर कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक न फेंकें। उन्होंने कहा कि ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पवित्रता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु और ब्रजवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गिरिराज की तलहटी को गंदा करना आस्था के विरुद्ध है। श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

स्वच्छ ब्रज बनाना हर श्रद्धालु का संकल्प हो : निशान्त शर्मा

हार्टफुलनेस के समन्वयक निशान्त शर्मा ने कहा कि जिस गोवर्धन पर्वत को भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी, उसकी तलहटी को गंदा करना आस्था और जिम्मेदारी दोनों के विरुद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ब्रज को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लेना होगा। “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक ब्रजवासी और श्रद्धालु के जीवन का संकल्प बनना चाहिए।

कई जिलों से पहुंचे स्वयंसेवक

स्वच्छता अभियान में मथुरा के अलावा नोएडा, दिल्ली, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, सोनीपत और गाजियाबाद सहित विभिन्न जिलों से हार्टफुलनेस के स्वयंसेवक पहुंचे। सभी ने उत्साह के साथ श्रमदान किया और परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ रखने में योगदान दिया।

अभियान में गीता शोध संस्थान वृंदावन के समन्वयक चंद्र प्रताप सिकरवार सहित हार्टफुलनेस के स्वयंसेवक संदीप खन्ना, ऋषि तोमर, विशाल शर्मा, जे.पी. सिंह, सुरेंद्र सिंह, ओ.पी. सिंह, रमेश चाहल, सचिन जैन, विकास गौर, एस.के.एस. चंदेल, विजय कौशिक, यशवंत, जितेंद्र, आर.पी. शर्मा, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor